पारित हो लोकपाल, बाद में हो जाएगा संशोधन : तेदेपा
Advertisement

पारित हो लोकपाल, बाद में हो जाएगा संशोधन : तेदेपा

तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू का कहना है कि लोकपाल विधेयक पहले संसद में पारित होना चाहिए। हमारी पार्टी इसका स्पष्ट रूप से समर्थन करेगी। एक बार विधेयक पारित हो जाए तो कई सुधार करने होंगे। इन सुधारों पर काम होना चाहिए।

हैदराबाद : लोकपाल विधेयक का समर्थन करते हुए तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने आज कहा कि भ्रष्टाचार निरोधक संस्था के लिए चुने जाने वाले व्यक्ति अच्छे होने चाहिए। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि कुछ विधेयक जरूर आने चाहिए। अगर कोई विधेयक नहीं होगा तो समय बर्बाद होता रहेगा। लोकपाल विधेयक पहले संसद में पारित होना चाहिए। हमारी पार्टी इसका स्पष्ट रूप से समर्थन करेगी। एक बार विधेयक पारित हो जाए तो कई सुधार करने होंगे। इन सुधारों पर काम होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकपाल भी भ्रष्ट हो सकता है। हम आज देखते हैं कि सीबीआई कांग्रेस जांच ब्यूरो बन गई है। नायडू ने कहा कि इससे बचने के लिए, लोकपाल के लिए चुने जाने वाले अच्छे व्यक्ति होने चाहिए।
वर्ष 2014 आम चुनावों के लिए तेदेपा और भाजपा के संभावित गठबंधन की खबरों पर नायडू ने कहा कि तेदेपा हमेशा कांग्रेस के खिलाफ लड़ी है, तेदेपा संस्थापक एनटी रामाराव ने कांग्रेस विरोधी राजनीति के लिए काम किया और उन्होंनें केन्द्र में सत्ता के लिए राष्ट्रीय मोर्चा सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि केन्द्र में अब तक चार कांग्रेस विरोधी सरकारों में तीन तेदेपा की पहल पर सत्ता में आई हैं। अब भी, कांग्रेस को सत्ता से जाना चाहिए। कांग्रेस विरोधी दलों को आगे आना चाहिए। हम इसकी बात कर रहे हैं। हमने हमेशा सकारात्मक तथा रचनात्मक भूमिका निभाई है। कांग्रेस विरोधी शासन होगा और देश को लाभ होगा। आप कई अटकलों के बारे में बात कर सकते हैं। मैं फिलहाल इन सभी का जवाब नहीं दे सकता। (एजेंसी)

Trending news