दिल्ली हाईकोर्ट ने रोहित को एनडी तिवारी का जैविक पुत्र घोषित किया

छह साल से कानूनी लड़ाई लड़ रहे रोहित शेखर को दिल्ली उच्च न्यायालय ने कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता नारायण दत्त तिवारी का जैविक पुत्र घोषित कर दिया।

नई दिल्ली : छह साल से कानूनी लड़ाई लड़ रहे रोहित शेखर को दिल्ली उच्च न्यायालय ने कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता नारायण दत्त तिवारी का जैविक पुत्र घोषित कर दिया। न्यायमूर्ति राजीव सहाय एंडला ने तिवारी को सार्वजनिक रूप से रोहित को अपना पुत्र मानने से इनकार नहीं करने का आदेश भी दिया। उच्च न्यायालय का फैसला सुन कर शेखर की मां रो पड़ीं जबकि शेखर शांत नजर आए।
समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों में कहा गया था कि तिवारी ने स्वीकार कर लिया है कि शेखर उनका जैविक पुत्र है। इन खबरों पर विचार करने के बाद अदालत ने यह आदेश जारी किया।
उच्च न्यायालय ने यह भी कहा कि तिवारी के वकील कार्यवाही के बारे में सूचित करने के बावजूद कल और आज पेश नहीं हुए जिससे प्रतीत होता है कि कांग्रेस नेता अपने खिलाफ शेखर द्वारा दायर याचिका पर मुकदमा नहीं लड़ना चाहते।
शेखर ने कल अदालत में, समाचार पत्रों में आई उन खबरों की प्रतियां पेश कीं जिनमें कांग्रेस नेता ने कथित तौर पर माना है कि शेखर उनका पुत्र है।
32 वर्षीय शेखर की ओर से पेश हुए अधिवक्ता वेदांत वर्मा और विभोर कुश ने अदालत में कानूनी प्रावधान का हवाला देते हुए कहा कि कानून ने अदालत को प्रतिवादी द्वारा की गई स्वीकारोक्ति के आधार पर व्यवस्था देने का अधिकार दिया है।
अदालत ने कल कहा था ‘हम सिर्फ मीडिया की खबरों पर भरोसा नहीं कर सकते।’ अदालत ने यह भी कहा कि 89 वर्षीय तिवारी के वकील 22 अप्रैल को अदालत में सुबह इस मामले में जिरह को आगे बढ़ाने के लिए पेश हों। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.