तेलंगाना में विशाल सर्वे संपन्न, बड़ी सफलता: मुख्यमंत्री

तेलंगाना में केवल एक दिन में अनुमानित चार करोड़ की जनसंख्या की पूरी जानकारी हासिल करने के लिए कराया गया विशाल सर्वेक्षण मंगलवार रात संपन्न हो गया। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने घर-घर जाकर चलाए गए इस अभूतपूर्व अभियान को बड़ी सफलता और उनके आलोचकों के लिए आंखें खोलने वाला बताया।

हैदराबाद : तेलंगाना में केवल एक दिन में अनुमानित चार करोड़ की जनसंख्या की पूरी जानकारी हासिल करने के लिए कराया गया विशाल सर्वेक्षण मंगलवार रात संपन्न हो गया। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने घर-घर जाकर चलाए गए इस अभूतपूर्व अभियान को बड़ी सफलता और उनके आलोचकों के लिए आंखें खोलने वाला बताया।

अध्यापक, पुलिसकर्मी और छात्रों सहित तेलंगाना के करीब चार लाख लोगों ने नवगठित राज्य के 84 लाख परिवारों का विस्तृत सर्वेक्षण किया। इस अभियान को देश में इस तरह का अपने आप में पहला अभियान बताया जा रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि हैदराबाद और राज्य के अन्य भागों में सड़कें सुनसान दिखीं क्योंकि लोगों ने इस सर्वेक्षण का हिस्सा बनने के लिए घरों में रहने को ही तरजीह दी। राज्य सरकार ने मंगलवार को अवकाश की घोषणा की थी और लोगों से घरों पर ही रहने की अपील की थी। पूरा अभियान शांतिपूर्ण रहा।

ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम की वेबसाइट पर डाली गई चेक स्लिप के अनुसार, लोगों से पूछे गये सवालों में परिवार में लोगों की संख्या, पानी कनेक्शन, संपत्ति कर आकलन, एलपीजी और बिजली कनेक्शन, बैंक खाता, आधार कार्ड, जाति प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, अशक्तता, वाहन और भूमि स्वामित्व से जुड़े सवाल शामिल थे।

राव ने मंगलवार शाम संवाददाता सम्मेलन में कहा, यह सर्वेक्षण सुपरहिट रहा। यह हमारी उम्मीदों से भी अधिक सफल रहा। यह इसकी आलोचना करने वालों के लिए आंखें खोलने वाला है। मैं सर्वेक्षण करने वाले सभी कर्मचारियों और छात्रों को इसे सफल बनाने के लिए तहेदिल से धन्यवाद देता हूं। एक सवाल के जवाब में राव ने कहा कि इस सर्वेक्षण में भाग लेने वालों की सटीक संख्या बुधवार रात ही पता चल पाएगी।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.