इराक में हमला, 49 लोगों की मौत, पीएम ने कहा ‘नरसंहार’
Advertisement

इराक में हमला, 49 लोगों की मौत, पीएम ने कहा ‘नरसंहार’

दो दिन के हमलों में 49 लोगों के मारे जाने की जानकारी अधिकारियों से मिलने के बाद इराकी प्रधानमंत्री नूरी अल-मलिकी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि देश ‘नरसंहार’ का सामना कर रहा है।

बगदाद: दो दिन के हमलों में 49 लोगों के मारे जाने की जानकारी अधिकारियों से मिलने के बाद इराकी प्रधानमंत्री नूरी अल-मलिकी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि देश ‘नरसंहार’ का सामना कर रहा है।
इराक में अल्पसंख्यक सुन्नी मुस्लिमों और बहुसंख्यक शियाओं के बीच संघर्ष जारी है और वर्ष 2008 के बाद से पहली बार इतने व्यापक स्तर पर हिंसा हो रही है। उग्रवादी अक्सर सुरक्षा बलों और दूसरे सरकारी कर्मचारियों को निशाना बनाते हैं।
मलिकी ने कल अपने साप्ताहिक संबोधन में कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि इराक नरसंहार का सामना कर रहा है, जो इसके हर हिस्से में हो रहा है। मलिकी ने कहा कि अलकायदा से जुड़े लोग एक बार फिर से नागरिकों के घर तबाह कर रहे हैं, उनकी हत्या कर रहे हैं और सरकारी विभागों के कार्यालयों में आग लगा रहे हैं।
मलिकी ने अलकायदा विरोधी सशस्त्र लोगों का संदर्भ देते हुए कहा कि इराक में उग्रवादियों का विरोध हो रहा है और विरोध करने वाले सुरक्षा सेवा से जुड़े लोग, आदिवासी तथा इराक के नौजवान हैं। कल एक बंदूकधारी ने उत्तरी शहर मोसुल में छह लोगों की हत्या कर दी जबकि एक दिन पहले पास के शहर में पांच लोगों को गोली मार दी गई थी।
बगदाद में गजालिया इलाके में कल बम विस्फोट होने से कम से कम तीन लोग मारे गए और 11 घायल हो गए। एक अन्य हमलावर ने राजधानी के दक्षिण में स्थित मदेन में चार लोगों की हत्या कर दी और कम से कम नौ लोगों को घायल कर दिया।
अलकायदा विरोधी दो सहवा लड़ाकों का किरकुक प्रांत में अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई थी। दियाला प्रांत की राजधानी बकूबा में एक बम विस्फोट में पुलिसकर्मी मारा गया था। बगदाद के पश्चिम में स्थित अनबार प्रांत में मंगलवार को हुए कई हमलों में 28 लोग मारे गए।

रूतबा में एक पुलिस चौकी पर एक आत्मघाती हमलावर ने हमला किया और फिर उग्रवादियों ने धावा बोला। एक अन्य पुलिस चौकी पर भी आत्मघाती हमला हुआ। इन हमलों में 18 पुलिसकर्मी मारे गए और 25 घायल हो गए। रूतबा में एक अन्य आत्मघाती हमलावर ने एक टैंकर में आग लगा दी। अनबार की राजधानी रमादी में पुलिस नाके पर बंदूकधारियों ने मंगलवार रात हमला किया। एक और हमले में सात पुलिसकर्मी मारे गए और आठ घायल हो गए। (एजेंसी)

Trending news