अमेरिका में मनाई गई छठ पूजा

भारी संख्या में भारतीय अमेरिकी छठ मनाने के लिए सप्ताहांत में तापमान के शून्य से भी नीचे होने के बावजूद अमेरिकी राजधानी के उपनगर में ऐतिहासिक पोटोमैक नदी के किनारों पर एकत्र हुए। पटना के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अमेरिका में छठ मनाने की शुरुआत की थी।

वाशिंगटन : भारी संख्या में भारतीय अमेरिकी छठ मनाने के लिए सप्ताहांत में तापमान के शून्य से भी नीचे होने के बावजूद अमेरिकी राजधानी के उपनगर में ऐतिहासिक पोटोमैक नदी के किनारों पर एकत्र हुए। पटना के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अमेरिका में छठ मनाने की शुरुआत की थी। यह पांचवां साल है जब सूर्य की पूजा के लिए समर्पित यह वाषिर्क हिंदू त्यौहार यहां मनाया गया।
पिछले कुछ वषरें से इस वार्षिक समारोह का अकेले ही आयोजन करने वाले पटना के कृपा शंकर सिंह ने पीटीआई से कहा, हमें शानदार प्रतिक्रिया मिली है और छठ पूजा करते समय हमें देखने के लिए आने वाले लोगों की संख्या हर साल बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि कुछ भारतीय अमेरिकी अटलांटा से भी यहां आए। समुदाय के सदस्यों ने इस समारोह को अगले वर्ष और बड़े स्तर पर आयोजित करने की मांग की है।
तापमान के शुक्रवार शाम और शनिवार तड़के शून्य से भी नीचे होने के बावजूद कई श्रद्धालुओं को नदी के बेहद ठंडे पानी में प्रवेश करते और पारंपरिक तरीके से छठ पूजा करते देखा गया। सिंह ने लोगों को ठंड से बचाने के लिए अलाव और इलेक्ट्रिक हीटरों का भी इंतजाम किया था।
सिंह की पत्नी अनीता सिंह को बिहार में रह रही उनकी सास ने छह वर्ष पहले छठ मनाने को कहा था। इसके बाद सिंह और उनके कुछ दोस्त लौदन काउंटी में पोटोमैक नदी के किनारे पिकनिक मनाने गए थे।
सिंह ने बताया कि उनके मन में तब यह विचार आया कि यह स्थान छठ पूजा करने के लिए उपयुक्त है। इसके बाद उन्होंने लौदन काउंटी पार्क एंड रिक्रिएशन डिपार्टमेंट से छठ पूजा करने की अनुमति मांगी और उन्हें स्वीकृति दे दी गई। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.