दक्षिणी अफ्रीकी स्कूलों में पाठ्यक्रम का हिस्सा होंगी भारतीय भाषाएं
Advertisement

दक्षिणी अफ्रीकी स्कूलों में पाठ्यक्रम का हिस्सा होंगी भारतीय भाषाएं

करीब दो दशक पहले दक्षिण अफ्रीकी सरकारी स्कूलों के पाठ्यक्रम से हटाई गई भारतीय भाषाएं अब फिर से इन स्कूलों में एक आधिकारिक विषय के रूप में पढाई जाएंगी।

जोहानिसबर्ग : करीब दो दशक पहले दक्षिण अफ्रीकी सरकारी स्कूलों के पाठ्यक्रम से हटाई गई भारतीय भाषाएं अब फिर से इन स्कूलों में एक आधिकारिक विषय के रूप में पढाई जाएंगी।
देश में भारतीय मूल के 14 लाख नागरिकों के एक प्रतिनिधि समूह की अपीलों के बाद अब हिंदी, तमिल, गुजराती, तेलुगू और उर्दू को आधिकारिक विषय के रूप में पढ़ाया जाएगा। इन भाषाओं को पहले केवल क्वाजुलु नटाल प्रांत में छात्रों के लिए एक वैकल्पिक तीसरी भाषा के तौर पर पढ़ाया जाएगा। इस प्रांत में भारतीय मूल की 70 प्रतिशत जनसंख्या रहती है।
शिक्षा विभाग के प्रांतीय प्रमुख एनकोसिनाथी सिशी ने स्कूलों के लिए जारी एक परिपत्र में इस बात की पुष्टि की कि अब वे पूर्वी भाषाओं को आधिकारिक विषय के रूप में पढ़ा सकते हैं। भारतीय भाषाओं के साथ-साथ अरबी भाषा को भी आधिकारिक विषय के रूप में मान्यता दी गई है।
हालांकि कुछ स्कूलों में भारतीय भाषाएं पढ़ाई जाती हैं लेकिन ये भाषाएं सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त आधिकारिक पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं थी। इन भाषाओं को अब मैट्रिक स्तर तक आधिकारिक विषयों के रूप में मान्यता प्राप्त होगी। पूर्वी भाषाओं की राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष राम महाराज ने कहा कि वह इस निर्णय से खुश हैं।
महाराज ने कहा, ‘मैंने हमारे युवाओं के बढ़ते पश्चिमीकरण के बीच हमारी मातृभाषाओं को जीवित रखने के लिए 2001 में शिक्षा अधिकारियों से सबसे पहले अनुरोध किया था। मुझे बहुत संतोष मिला है कि उन्होंने अंतत: इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया।’ (एजेंसी)

Trending news