अपने दौरे से एशिया में तनाव कम करना चाहते हैं केरी
Advertisement

अपने दौरे से एशिया में तनाव कम करना चाहते हैं केरी

अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी अपने एशिया दौरे में चीन और उसके पड़ोसी देशों के बीच सीमा से जुड़े विवादों को सुलझाने और उत्तर कोरिया को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के लिए स्थगित वार्ता को दोबारा शुरू करने के उपाय तलाशेंगे।

fallback

अलास्का : अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी अपने एशिया दौरे में चीन और उसके पड़ोसी देशों के बीच सीमा से जुड़े विवादों को सुलझाने और उत्तर कोरिया को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के लिए लंबे समय से स्थगित वार्ता को दोबारा शुरू करने के उपाय तलाशेंगे।
केरी विदेश मंत्री के तौर पर कल अपने पांचवें एशिया दौरे के लिए रवाना हुए। अपनी इस यात्रा के दौरान केरी दक्षिण कोरिया, चीन और इंडोनेशिया का दौरा करेंगे। उनके साथ मौजूद अधिकारियों ने कहा कि केरी पूर्वी और दक्षिणी चीन सागर में अधिकार के दावों को लेकर जारी क्षेत्रीय तनाव को कम करने की अपील करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि केरी सबसे पहले आज दक्षिण कोरिया पहुंचेंगे जहां वह अमेरिकी सहयोगियों दक्षिण कोरिया और जापान के बीच हाल में बढ़े तनाव को लेकर गहरी चिंता जाहिर करेंगे। जापान केरी के दौरे में शामिल नहीं है लेकिन पिछले हफ्ते वाशिंगटन में जापानी विदेश मंत्री के साथ अपनी मुलाकात में केरी ने उनके सामने यही बातें रखी थीं।
दक्षिण कोरिया हाल में जापानी प्रधानमंत्री शिंजो अबे के तोक्यो स्थित एक विवादित युद्ध स्मारक के दौरे से नाराज है। दक्षिण कोरिया के अलावा चीन भी अबे के दौरे से नाराज है। इस नये घटनाक्रम से जापान के औपनिवेशिक अतीत और द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान की यातनाओं को लेकर दोनों देशों में नाराजगी और बढ़ गयी है।
केरी दक्षिण कोरिया से दोनों कोरियाई देशों के बीच वार्ता, जापान के साथ दक्षिण कोरिया के संबंधों में सुधार के उपाय और उत्तर कोरिया को परमाणु वार्ता की मेज पर वापस लाने के लिए अमेरिका, चीन, दक्षिण कोरिया और जापान के बीच सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। (एजेंसी)

Trending news