बहुराष्ट्रीय दलों ने विमान खोज अभियान की रफ्तार बढ़ाई
Advertisement

बहुराष्ट्रीय दलों ने विमान खोज अभियान की रफ्तार बढ़ाई

हिंद महासागर में लापता मलेशियाई विमान की खोज में लगी बहुराष्ट्रीय टीमों ने आज खोज प्रयासों को नई रफ्तार दी है। मलेशियाई प्रधानमंत्री नजीब रजाक ने आज खोज अभियानों का समन्वय कर रहे आस्ट्रेलियाई सैन्य अड्डे का दौरा किया।

पर्थ : हिंद महासागर में लापता मलेशियाई विमान की खोज में लगी बहुराष्ट्रीय टीमों ने आज खोज प्रयासों को नई रफ्तार दी है। मलेशियाई प्रधानमंत्री नजीब रजाक ने आज खोज अभियानों का समन्वय कर रहे आस्ट्रेलियाई सैन्य अड्डे का दौरा किया। लापता विमान संख्या एमएच 370 के रहस्यमयी तरीके से लापता होने की जांच को लेकर मलेशियाई सरकार आलोचनाओं की शिकार हो रही है।
लापता विमान की खोज में आठ विमान और नौ पोत शामिल हैं। परमाणु शक्ति संपन्न ब्रिटिश पनडुब्बी आज इस खोज अभियान में शामिल हुई। मलेशियाई अधिकारियों का मानना है कि यह विमान आठ मार्च को रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब होने पर कई घंटे उड़ने के बाद ईंधन खत्म होने पर समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टोनी एबट ने कहा कि इस दुर्घटनाग्रस्त विमान का पता लगाना मानवीय इतिहास में सबसे कठिन है तथा इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि इसका पता चल जायेगा। एबट ने नजीब की उपस्थिति में संवाददाताओं से कहा, ‘एमएच 370 की खोज की अंतिम सफलता को लेकर हम निश्चित नहीं हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यह संभवत: सबसे कठिन खोज है..लेकिन मैं लोगों को आश्वस्त कर सकता हूं कि दुनिया के सर्वोत्तम दिमाग इस पर काम कर रहे हैं।’
एबट ने कहा, ‘लेकिन हम विश्वास से कह सकते हैं कि हम कोई प्रयास नहीं छोड़ेंगे जब तक कि हम मनुष्य के तौर पर यथासंभव प्रयास नहीं कर लेते।’ नजीब की सरकार इस आपदा से निपटने को लेकर आलोचनाओं का शिकार बनी है। उन्होंने पीयर्स आरएएएफ में खोज अभियान में लगे चालक दलों से मुलाकात की। ये चालक दल इसके बाद आज दक्षिणी हिन्द महासागर में तलाश के लिए निकल गये।
उन्होंने कहा, ‘मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि हम निश्चित तौर पर यह दिखा देंगे कि राष्ट्रों के समूह के रूप में हम क्या कर सकते हैं। हम जवाब हासिल करना चाहते हैं। हम परिवारों को राहत पहुंचाना चाहते हैं। हम तब तक आराम नहीं करेंगे जब तक कि जवाब नहीं मिल जाते।’ मलेशिया एयरलाइंस का बोइंग 777.200 विमान 8 मार्च को राडार स्क्रीन से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। इस विमान में पांच भारतीय नागरिकों सहित 239 लोग सवार थे। (एजेंसी)

Trending news