ग्लोबल वेक्ट्रा का सिक्योरिटी क्लीयरेंस रद्द

सरकार ने ग्लोबल वेक्ट्रा की सिक्योरिटी क्लीयरेंस रद्द कर दी है

ज़ी न्यूज ब्यूरो

 

नई दिल्ली: सरकार ने ग्लोबल वेक्ट्रा हेलीकॉप्टर की सिक्योरिटी क्लीयरेंस रद्द कर दी है। इससे वेक्ट्रा ग्रुप के चेयरमैन रवि ऋषि को बड़ा झटका लगा है। ग्लोबल वेक्ट्रा को लाइसेंस हासिल है जिसके तहत वह हेलीकॉप्टर उड़ानों का संचालन करती है। रवि ऋषि की कंपनी ग्लोबल वेक्ट्रा जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं मुहैया कराती है।

 

ग्लोबल वेक्ट्रा का सिक्योरिटी क्लीयरेंस रद्द होने से इसका असर वैष्णो देवी के उन श्रद्धालुओं पर भी पड़ सकता है जो दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करते है। वैष्णो देवी में ग्लोबल वेक्ट्रा के 23 हेलीकॉप्टर चलते है।

 

ऋषि की यह कंपनी इस प्रकार की सेवाओं को मुहैया करानेवाली सबसे बड़ी कंपनी है जिनके पास 50 हेलीकॉप्टर है। इन हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल वीवीआईपी लोग चुनाव प्रचार के लिए भी करते है।

 

ग्लोबल वेक्ट्रा ग्रुप से जुड़े अधिकारियों ने इस मामले कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि अभी तक उन्हें इस बारे में कोई भी सूचना नहीं प्राप्त हुई है।

 

गौरतलब है कि सेना को ट्रकों की आपूर्ति संबंधी विवादों में घिरे वेक्ट्रा समूह के प्रमुख रवि ऋषि और उनकी कंपनियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लांड्रिंग (काले धन को सफेद बनाने) का मामला दर्ज किया है।

 

टाट्रा ट्रकों की खरीद में हुई कथित अनियमितता के मामले में 57 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक ऋषि नामजद अभियुक्त हैं।  सीबीआई ने ऋषि और रक्षा मंत्रालय, थलसेना और बीईएमएल के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ 30 मार्च को एक मामला दर्ज किया था।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.