दुनिया में कुछ ऐसे दुर्लभ नारंगी रंग के सांप पाए जाते हैं, जो दिखने में बेहद खूबसूरत और अनोखे हैं. इनमें कोरल रेड कुकरी, अफ्रीकन बुश वाइपर, ऑरेंज-बैंडेड कोरल, ऑरेंज-कॉलर कीलबैक और गोल्डन ट्री स्नेक शामिल हैं. इनके रंग सिर्फ सुंदर नहीं, बल्कि सुरक्षा और शिकार की रणनीति भी हैं.
सांपों की दुनिया का जिक्र आते ही दिमाग में काले या भूरे रंग की डरावनी तस्वीरें दिमाग में बन कर आती हैं, लेकिन हकीकत इससे कहीं ज्यादा रंगीन है. धरती पर ऐसे दुर्लभ सांप भी हैं जो नारंगी, नीले या हरे रंग के होते हैं. ये न केवल देखने में आकर्षक हैं बल्कि प्रकृति की रक्षा और अनुकूलन की अनोखी मिसाल भी पेश करते हैं. आज जानिए उन 5 नारंगी सांपों के बारे में जो बेहद खूबसूरत और दुर्लभ हैं.
कोरल रेड कुकरी दक्षिण एशिया का एक बेहद दुर्लभ सांप है, जिसका शरीर चमकदार नारंगी-लाल रंग का होता है. कभी इसे विलुप्त माना गया था, लेकिन भारत के दुधवा नेशनल पार्क में इसे दोबारा देखा गया. यह गैर विषैला सांप अपनी रंगत से जंगल में आसानी से छिप जाता है. इसकी चमकदार त्वचा इसे पेड़ों और झाड़ियों में लगभग अदृश्य बना देती है.
अफ्रीकन बुश वाइपर मध्य और पूर्वी अफ्रीका के घने जंगलों में पाया जाता है. यह विषैला सांप पेड़ों और झाड़ियों में रहता है और अपनी खुरदुरी नारंगी स्केल्स से खुद को छिपा लेता है. यह रात में शिकार करता है और पक्षियों व छोटे जानवरों को पकड़ता है. हालांकि यह जहरीला है, मगर इंसानों से दूर रहना ही इसकी फितरत है.
दक्षिण अमेरिका के जंगलों में मिलने वाला यह सांप अपने चमकीले नारंगी, पीले और काले रिंग्स के लिए जाना जाता है. यह बेहद जहरीला होता है, लेकिन इंसानों पर शायद ही हमला करता है. इसके रंग शिकारी जानवरों को चेतावनी देते हैं—“पास मत आना!” यह सांप प्रकृति की सुरक्षा रणनीति का बेहतरीन उदाहरण है.
हिमालय की तराई में पाया जाने वाला यह सांप अपने सिर के पीछे नारंगी कॉलर जैसी पट्टी के लिए मशहूर है. यह हल्का जहरीला होता है लेकिन इंसानों के लिए खतरा नहीं है. लगभग 83 सेंटीमीटर लंबा यह सांप ठंडे इलाकों के जंगलों में रहता है और छोटे जीव-जंतुओं को शिकार बनाता है. इसकी नारंगी चमक इसे प्रकृति के बीच अलग पहचान देती है.
गोल्डन ट्री स्नेक को अक्सर ‘उड़ने वाला सांप’ कहा जाता है क्योंकि यह एक पेड़ से दूसरे पेड़ तक फिसलकर पहुंच सकता है. इसके शरीर पर हरे और काले रंग के बीच नारंगी या लाल धब्बे इसे बेहद सुंदर बनाते हैं. यह सांप छोटे पक्षियों और छिपकलियों का शिकार करता है और जंगल की छतरी में बड़ी सहजता से घूमता है.
ट्रेन्डिंग फोटोज़