एडीलेड टेस्‍ट: क्लार्क और स्मिथ के शतकों से ऑस्ट्रेलिया का विशाल स्कोर
Advertisement

एडीलेड टेस्‍ट: क्लार्क और स्मिथ के शतकों से ऑस्ट्रेलिया का विशाल स्कोर

दर्द से जूझते कप्तान माइकल क्लार्क के 128 रन और स्टीव स्मिथ के नाबाद 162 रन की मदद से आस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन बुधवार को सात विकेट पर 517 रन बना लिए। कमर के दर्द के कारण कल मैदान छोड़कर जाने वाले क्लार्क ने अपना 28वां टेस्ट शतक पूरा किया।

एडीलेड टेस्‍ट: क्लार्क और स्मिथ के शतकों से ऑस्ट्रेलिया का विशाल स्कोर

एडीलेड : दर्द से जूझते कप्तान माइकल क्लार्क के 128 रन और स्टीव स्मिथ के नाबाद 162 रन की मदद से आस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन बुधवार को सात विकेट पर 517 रन बना लिए। कमर के दर्द के कारण कल मैदान छोड़कर जाने वाले क्लार्क ने अपना 28वां टेस्ट शतक पूरा किया।

उन्होंने स्मिथ के साथ वर्षाबाधित दूसरे दिन आस्ट्रेलिया का शिकंजा कस दिया। दूसरी ओर भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा जो पूरे दिन में क्लार्क के रूप में एक ही विकेट ले सके। भारतीय गेंदबाज लाइन और लैंग्थ के लिये तरसते रहे और कमर के दर्द के बावजूद क्लार्क ने आसानी से अपने स्ट्रोक्स खेले। दूसरी ओर स्मिथ ने पांचवां टेस्ट शतक जमाया और वह कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 162 रन की पारी खेलकर नाबाद थे जब खराब रोशनी और बारिश के कारण खेल समय से पहले रोका गया। पूरे दिन में बारिश के कारण तीन बार खेल रूका और सिर्फ 30 ओवर फेंके जा सके।

फिलीप ह्यूज की मौत के बाद जज्बातों का तूफान अभी भी नहीं थमा है और क्लार्क तथा स्मिथ ने अपने शतक पूरे करने के बाद आसमान की ओर देखकर उसे श्रृद्धांजलि दी। भारतीयों को आज निराशा ही हाथ लगी और कप्तान विराट कोहली के चेहरे पर निराशा साफ देखी जा सकती थी। कल आखिरी सत्र में तीन विकेट लेकर भारत ने वापसी की कोशिश की थी लेकिन वह लय कायम नहीं रख सके। क्लार्क और स्मिथ ने तेजी से रन बनाते हुए सातवें विकेट के लिये 163 रन जोड़े।

दूसरे दिन बारिश के कारण करीब चार घंटे खेल नहीं हो सका। पहली बार सुबह पहले घंटे के खेल के बाद व्यवधान पैदा हुआ। लंच के बाद दूसरे सत्र में सिर्फ 30 मिनट का खेल हो सका। अंपायरों ने तीसरे सत्र में भरपाई के लिये चाय का ब्रेक नहीं करने का फैसला किया। उसके बाद भी हालांकि सिर्फ 40 मिनट खेल हो सका जब फिर बारिश हो गई। पूरे दिन में 30.4 ओवर ही फेंके गए और आस्ट्रेलिया ने 163 रन जोड़ लिए।

क्लार्क ने अपनी 163 गेंद की पारी में 18 चौके लगाये। खराब रोशनी के कारण खेल समय से पहले रोके जाने के समय स्मिथ के साथ मिशेल जानसन क्रीज पर थे जिन्होंने अभी खाता नहीं खोला है। भारतीय गेंदबाजों में मोहम्मद शमी और ईशांत शर्मा ने काफी कोशिश की लेकिन आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके। शमी ने 24 ओवर में 120 रन देकर दो विकेट लिये जबकि ईशांत ने 27 ओवर में 85 रन देकर एक विकेट चटकाया। वरुण आरोन ने 23 ओवर में 136 रन देकर दो विकेट लिए।

सुबह के सत्र में भी खेल बारिश के कारण दस मिनट देर से शुरू हुआ। खेल शुरू होने के बाद क्लार्क क्रीज पर लौटे। उन्होंने अपने निजी स्कोर 60 रन से आगे खेलना शुरू किया और बारिश के कारण पहले ब्रेक तक स्मिथ के साथ 51 रन जोड़े। बारिश के कारण खेल रोके जाने पर स्मिथ शतक से दो रन दूर थे। खेल बहाल होने पर उन्होंने सैकड़ा पूरा किया, जिसमें 14 चौके शामिल थे।

चाय के ब्रेक का समय बीत जाने के बाद खेल बहाल होने पर क्लार्क ने अपना 28वां टेस्ट शतक पूरा किया। उन्होंने खेल बहाल होने के बाद नौवीं गेंद पर यह आंकड़ा छुआ जिसके लिये उन्होंने 127 गेंदों का सामना किया और 15 चौके लगाये। एडीलेड ओवल पर जमा करीब 15000 दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। खेल में दोबारा बाधा आने से पहले विकेटकीपर रिधिमान साहा ने 110वें ओवर में स्मिथ की स्टम्पिंग का मौका गंवा दिया। उस समय वह 131 रन पर खेल रहे थे। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Trending news