कोरोनावायरस का कहर आज भी पूरी दुनिया में जारी है और इसी वजह से क्रिकेट के खेल का आयोजन भी फिलहाल बंद है. हालांकि अब कई क्रिकेट बोर्ड खाली स्टेडियम में इस खेल को दोबारा शुरू करने की तैयारियों में लगे हुए हैं पर बीसीसीआई (BCCI) ने अब भी भारत में क्रिकेट की बहाली को मंजूरी नहीं दी है.
Trending Photos
)
नई दिल्ली: कोरोना वायरस का कहर आज भी पूरी दुनिया में जारी है और इसी वजह से क्रिकेट के खेल का आयोजन भी फिलहाल बंद है. हालांकि अब कई क्रिकेट बोर्ड खाली स्टेडियम में इस खेल को दोबारा शुरू करने की तैयारियों में लगे हुए हैं पर बीसीसीआई (BCCI) ने अब भी भारत में क्रिकेट की बहाली को मंजूरी नहीं दी है. कोविड-19 महामारी के चलते भारतीय बोर्ड पहले ही टीम इंडिया (Team India) का श्रीलंका और जिम्बाब्वे दौरा रद्द कर चुका है. लेकिन इस साल के अंत में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली सीरीज को लेकर काफी कयास लगाए जा रहे हैं क्योंकि दोनों क्रिकेट बोर्ड इसकी घोषणा पहले ही कर चुके हैं.
ऐसा माना जा रहा है कि यह सीरीज रोमांच से भरपूर होगी और इस सीरीज को लेकर ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (David Warner) भी काफी उत्सुक हैं. एक भारतीय टीवी चैनल से इस सीरीज के बारे में बात करते हुए वॉर्नर ने कहा कि जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया का खिलाफ यह सीरीज खेलेगी तो वो टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली (Virat Kohli) को स्लेज नहीं करेंगे. वॉर्नर को लगता है कि विराट एक भालू की तरह हैं, जिनको उकसाने का मतलब है अपने लिए एक बड़ी मुसीबत खड़ी करना.
यह तो क्रिकेट जगत का बच्चा-बच्चा जानता है कि विराट को चुनौतियां बहुत पसंद हैं और अगर उन्हें कोई चैलेंज देता है तो वो उसे झट से लपक लेते हैं और फिर रनों का अंबार खड़ा कर देते हैं. विराट की तुलना एक भालू से करते हुए वॉर्नर ने कहा, 'विराट कोहली ऐसे व्यक्ति नहीं हैं, जिसे छेड़ा जाए और भालू को छेड़ने का कोई मतलब नहीं है. खाली स्टेडियम में भारत का सामना करना अवास्तविक होगा. मैं टीम में जगह बनाना चाहता हूं और उस सीरीज का हिस्सा बनना चाहता हूं. पिछली बार हमारा प्रदर्शन खराब नहीं था, लेकिन अच्छी टीम ने हमें हराया था और उनकी गेंदबाजी शानदार है. अब भारत का बल्लेबाजी क्रम सर्वश्रेष्ठ है और हमारे गेंदबाज इसे निशाना बनाना चाहेंगे और भारतीय दर्शक इसे देखने को बेताब होंगे.'
गौरतलब है कि इस साल के अंत में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाएगी. दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच ब्रिस्बेन में खेला जाएगा, वहीं दूसरा टेस्ट एडिलेड में और तीसरा और चौथा टेस्ट मेलबर्न और सिडनी में आयोजित किया जाएगा.