Advertisement
trendingNow1502000

ICC Ranking: दक्षिण अफ्रीका को भारी नुकसान, यह टीम पहली बार दूसरे नंबर पर पहुंची

भारतीय टीम टेस्ट रैंकिंग में 116 रेटिंग प्वाइंट के साथ पहले स्थान पर कायम है. दक्षिण अफ्रीका की टीम तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. 

न्यूजीलैंड की टीम (फोटो) ने दिसंबर में श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में हराया था. अब उसी श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीत ली है. (फोटो: PTI)
न्यूजीलैंड की टीम (फोटो) ने दिसंबर में श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में हराया था. अब उसी श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीत ली है. (फोटो: PTI)

दुबई: श्रीलंका के हाथों घर में मिली 0-2 से हार से दक्षिण अफ्रीका (South Africa) को टेस्ट रैंकिंग में नुकसान हुआ है. वह टेस्ट सीरीज में हार के बाद आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग (ICC Test Ranking) में दूसरे स्थान से खिसकर तीसरे स्थान पर आ गया है. इससे न्यूजीलैंड (New Zealand) को फायदा हुआ है और अब वह दूसरे स्थान पर आ गया है. यह न्यूजीलैंड की टेस्ट में अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग भी है. भारत टेस्ट रैंकिंग में 116 रेटिंग प्वाइंट के साथ पहले स्थान पर ही कायम है. 

दक्षिण अफ्रीका को उसके घर में हरा इतिहास रचने वाली श्रीलंका (Sri Lanka) को हालांकि कोई फायदा नहीं हुआ है. वह छठे स्थान पर ही कायम है. उसके हिस्से में बस चार अंकों का ही इजाफा हुआ है. उसके 93 रेटिंग प्वाइंट हैं. न्यूजीलैंड के 107 और दक्षिण अफ्रीका के 105 प्वाइंट हैं. ऑस्ट्रेलिया (104) चौथे पर नंबर पर है. वहीं इंग्लैंड (104) पांचवें पर कायम है. 

यह भी पढ़ें: आचरेकर सर ने कहा था- 'मेरे बाद तुम ही रहोगे' : क्रिकेट कोच चंद्रकांत पंडित

Add Zee News as a Preferred Source

बल्लेबाजी रैंकिंग में श्रीलंका के कुशल मेंडिस और ओशाडा फर्नांडो को फायदा हुआ है. मेंडिस आगे बढ़ते हुए 18वें स्थान पर आ गए हैं. फर्नाडो को 35 स्थान का फायदा हुआ है और वे 65वें स्थान पर आ गए हैं. निरोशन डिकवेला को भी बल्लेबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है और वे अब आठ स्थान आगे बढ़ते हुए 37वें स्थान पर आ गए हैं. बल्लेबाजी में हालांकि शीर्ष 10 में एक ही बदलाव हुआ है. दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक एक स्थान नीचे खिसक कर नौवें स्थान पर आ गए हैं. भारतीय कप्तान विराट कोहली पहले स्थान पर कायम हैं.

गेंदबाजी रैंकिंग में जरूर दक्षिण अफ्रीका को फायदा हुआ है. उसके युवा तेज गेंदबाज डुआने ओलिवर तीन स्थान आगे बढ़ते हुए 19वें स्थान पर आ गए हैं. उनके हमवतन कैगिसो रबाडा तीसरे और वेर्नोन फिलेंडर चौथे स्थान पर बने हुए हैं. 

श्रीलंका के सुरंगा लकमल तीन स्थान आगे बढ़ते हुए 30वें और विश्वा फर्नाडो छह स्थान की छलांग के साथ 43वें स्थान पर आ गए हैं. कासुन रजिथा को आठ स्थान का फायदा हुआ है और अब वे 51वें स्थान पर पहुंच गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस पहले स्थान पर कायम है. भारत के रवींद्र जडेजा पांचवें नंबर पर ही हैं. रविचंद्रन अश्विन 10वें स्थान पर ही हैं. 

(इनपुट: आईएएनएस) 

About the Author
author img
Zee News Desk

Zee News Desk, रिपोर्टिंग और डेस्क टीम का एक मजबूत हिस्सा है, जो आपके लिए विश्‍वसनीय खबरें पेश करता है.  

...और पढ़ें

TAGS

Trending news