भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम में दो नये चेहरे शामिल किए गए हैं.
Trending Photos
)
वेलिंगटन: न्यूजीलैंड क्रिकेट ने भारत के खिलाफ छह फरवरी से शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. न्यूजीलैंड ने दो नए खिलाड़ियों हरफनमौला डेरिल मिशेल और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनेर को टीम में जगह दी है. नियमित कप्तान केन विलियमसन को 14 सदस्यीय टीम का कप्तान चुना गया. वे श्रीलंका के खिलाफ एक टी20 मैच से बाहर रहे थे.
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बयान में कहा, ‘‘डग ब्रासवेल को चोटिल जिम्मी नीशाम की जगह टीम में चुना गया था जिन्होंने अपनी जगह बरकरार रखी है.’’ मिशेल और टिकनेर को न्यूजीलैंड की घरेलू टी20 लीग सुपर स्मैश में अच्छे प्रदर्शन का ईनाम मिला है. तीन मैचों की सीरीज के दौरान दोनों देशों की महिला टीमों के मैच भी समान पिच पर खेले जायेंगे.
विराट कोहली नहीं खेलेंगे टी20 सीरीज
भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा संभालेंगे चूंकि विराट कोहली को आराम देने का फैसला किया गया है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने विराट को आराम देने के मामले पर कहा था, ‘कोहली के स्थान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल नहीं किया जा रहा है. चौथे और पांचवें वनडे मैचों के साथ टी20 सीरीज में रोहित शर्मा कोहली की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभालेंगे.’
न्यूजीलैंड का फॉर्म वनडे में चल रहा है खराब
न्यूजीलैंड टीम इस समय भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में अपने खिलाड़ियों के, खासकर बल्लेबाजों के खराब फॉर्म से गुजर रही है. पांच वनडे मैचों की सरीज में वह अभी 0-3 से पिछड़ कर सीरीज गंवा चुकी है. उसके गेंदबाजों ने वनडे सीरीज में खराब प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन वे टीम इंडिया पर दबाव डालने में भी सफल नहीं रहे हैं.
न्यूजीलैंड का पिछले साल वनडे में घरेलू रिकॉर्ड बढ़िया रहा है, लेकिन टी20 में उसने पिछले एक साल में 15 में से केवल 8 मैच जीते हैं. भारत के खिलाफ टी20 सीरीज का पहला मैच हैमिल्टन में खेला जाएगा जबकि दूसरा टी20 मैच ऑकलैंड में खेला जाएगा. दोनों टीमें आखिरी टी20 मैच हैमिल्टन में खेलेंगी.
न्यूजीलैंड टीम :
केन विलियमसन (कप्तान), डग ब्रासवेल, कोलिन डे ग्रांडहोमे, लोकी फग्युर्सन, मार्टिन गुप्टिल, स्काट के, डेरिल मिशेल, कोलिन मुनरो, मिशेल सेंटनेर, टिम सेइफर्ट, ईश सोढी, टिम साउदी, रोस टेलर, ब्लेयर टिकनेर.
भारतीय टी20 टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), लोकेश राहुल, शिखर धवन, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, खलील अहमद और सिद्दार्थ कौल.
(इनपुट भाषा)