Advertisement
trendingNow1488770

पाकिस्तान का सूपड़ा साफ, दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट में 107 रन से हराया

दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान से तीसरा टेस्ट भी जीता. तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. 

दक्षिण अफ्रीका की टीम टेस्ट सीरीज जीतने के बाद. (फोटो: PTI)
दक्षिण अफ्रीका की टीम टेस्ट सीरीज जीतने के बाद. (फोटो: PTI)

जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई पाकिस्तानी टीम का टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ हो गया है. मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने उसे तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में 107 रन से हराया. इसके साथ ही उसने तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. दक्षिण अफ्रीका ने पहला टेस्ट छह विकेट और दूसरा टेस्ट मैच नौ विकेट से जीता था. 

दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 262 रन का स्कोर बनाया था. फिर उसने पाकिस्तान को उसकी पहली पारी में 185 रन पर समेटकर 77 रन की बढ़त हासिल की. मेजबान टीम ने इसके बाद अपनी दूसरी पारी में 303 रन बनाया. इस तरह पाकिस्तान को जीत के लिए 381 रन का लक्ष्य मिला. पाकिस्तान की पूरी टीम इसके जवाब में 65.4 ओवर में 273 रन पर सिमट गई. 

पाकिस्तान की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय तीन विकेट पर 153 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी, लेकिन फिर उसके बाद उसने 120 रन के अंदर अपने आखिरी के सात विकेट गंवा दिए. पाकिस्तान के लिए असद शफीक ने सर्वाधिक 65, शादाब खान ने नाबाद 47, शान मसूद ने 37, इमाम उल हक ने 35, हसन अली ने 22, बाबर आजम ने 21, अजहर अली ने 15, फहीम अशरफ ने 15, मोहम्मद आमिर ने चार, मोहम्मद अब्बास ने नौ रन बनाए. कप्तान सरफराज अहमद खाता खोले बिना आउट हुए. 

Add Zee News as a Preferred Source

दक्षिण अफ्रीका की ओर से कैगिसो रबाडा ने तीन, डुआने ओलिवर ने तीन, डेल स्टेन ने दो और वेर्नोन फिलेंडर ने एक विकेट हासिल किए. मैच में शतक जड़ने वाले दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला. 
रैंकिंग में सातवें नंबर पर लुढ़का पाकिस्तान

तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद दक्षिण अफ्रीका आईसीसी की ताजा टेस्ट टीम रैंकिंग में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को पछाड़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गया है. इस जीत से दक्षिण अफ्रीका को चार अंक मिले और अब उसके 110 अंक हो गए हैं. वहीं, सीरीज गंवाने के बाद पाकिस्तान एक स्थान लुढ़ककर सातवें नंबर पर खिसक गया है. पाकिस्तान ने 92 अंकों के साथ सीरीज की शुरुआत की थी लेकिन अब उसके 88 अंक ही रह गए हैं और वह श्रीलंका से तीन अंक नीचे हो गया है.

(इनपुट: आईएएनएस)

 

About the Author
author img
Zee News Desk

Zee News Desk, रिपोर्टिंग और डेस्क टीम का एक मजबूत हिस्सा है, जो आपके लिए विश्‍वसनीय खबरें पेश करता है.  

...और पढ़ें

TAGS

Trending news