)
भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली आज 7 जुलाई को अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास दिन पर उन्हें एक यादगार तोहफा मिला है. उनकी बायोपिक 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का फर्स्ट-लुक पोस्टर रिलीज हो गया है. नेशनल अवॉर्ड विनर एक्टर राजकुमार राव इस फिल्म में गांगुली का किरदार निभा रहे हैं. इस शानदार सरप्राइज के बाद गांगुली खुशी से गदगद दिखे और अपने इस बर्थडे पर खास तोहफे के बारे में बात की.
अपने जन्मदिन पर बायोपिक का पोस्टर देखकर सौरव गांगुली काफी भावुक और खुश नजर आए. पोस्टर लॉन्च के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए गांगुली ने कहा, "जन्मदिन हमेशा खास होते हैं और आज मेरी बायोपिक, दादा - द सौरव गांगुली स्टोरी का फर्स्ट लुक सामने आने से यह और भी यादगार बन गया है. यह सच में अब तक का सबसे अच्छा जन्मदिन का तोहफा है."
पूर्व कप्तान ने फिल्म के मुख्य अभिनेता राजकुमार राव की मेहनत की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि इस पोस्टर ने उनके क्रिकेट के दिनों की यादें ताजा कर दी हैं. गांगुली ने कहा, "यह पोस्टर मेरे क्रिकेट सफर के एक बहुत प्यारे पल की याद दिलाता है. राजकुमार ने इस रोल को बहुत ईमानदारी और लगन से निभाया है. उन्हें और पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि फैंस 14 मई, 2027 को बड़े पर्दे पर इस फिल्म का आनंद लेंगे."
ये भी पढ़ें...
राजकुमार राव द्वारा शेयर किए गए इस फर्स्ट-लुक पोस्टर में भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे आइकॉनिक पलों में से एक को री-क्रिएट किया गया है. पोस्टर में राजकुमार राव लॉर्ड्स की बालकनी में बिना शर्ट के खड़े दिखाई दे रहे हैं. यह साल 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में मिली रोमांचक जीत के बाद गांगुली द्वारा शर्ट लहराकर जश्न मनाने के ऐतिहासिक पल की याद दिलाता है. पोस्टर के बैकग्राउंड में भारत का विशाल तिरंगा झंडा भी नजर आ रहा है.