रंग में लौटे महेंद्र सिंह धोनी, देखें- कैसे हुई चौकों-छक्कों की बरसात
Advertisement

रंग में लौटे महेंद्र सिंह धोनी, देखें- कैसे हुई चौकों-छक्कों की बरसात

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 22 गेंदों में 5 छक्के और 2 चौकों की मदद से नाबाद 51 रनों की जानदार पारी खेली.

महेंद्र सिंह धोनी ने दिल्ली के खिलाफ अर्धशतक जड़ा (PIC : IANS)

नई दिल्ली: शेन वॉटसन और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के धमाकेदार अर्धशतकों से चेन्नई आईपील 2018 में दिल्ली को 13 रन से हराकर अंक तालिका में एक बार फिर से टॉप पर आ गया है. दिल्ली के खिलाफ पुणे में खेले गए इस मैच में महेंद्र सिंह एक बार फिर से अपने रंग में लौटते नजर आए. कमर दर्द के बावजूद इस मैच में धोनी एक बार फिर अर्धशतक जड़ा. आईपीएल के इस सीजन में धोनी का यह तीसरा अर्धशतक है. दिल्ली के खिलाफ शानदार नाबाद 51 रनों की पारी खेलते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. 

  1. चेन्नई ने दिल्ली को 13 रनों से हराया
  2. धोनी ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रनों की पारी खेली 
  3. धोनी ने पारी में 5 छक्के, 2 चौके जड़े

अपने दूसरे घर यानि पुणे में खेल रही चेन्नई ने पहले अपने बल्लेबाजों की शानदार परफॉर्मेंस के दम पर 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके बाद चेन्नई के गेंदबाजों ने दिल्ली के बल्लेबाजों की एक नहीं चलने दी. दिल्ली की तमाम कोशिशों के बावजूद चेन्नई के गेंदबाजों के सामने नतमस्तक नजर आई. चेन्नई ने 20 ओवरों में पांच विकेट पर 198 रनों पर ही दिल्ली को सीमित कर दिया और 13 रनों से मात दी. 

चेन्नई के लिए शेन वॉटसन ने सबसे ज्यादा 78 रन बनाए. उन्होंने अपनी 40 गेंदों की पारी में चार चौके और सात छक्के लगाए. आखिर में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 22 गेंदों में 5 छक्के और 2 चौकों की मदद से नाबाद 51 रनों की जानदार पारी खेली. इस मैच में एक बार फिर अंबाती रायुडू का बल्ला जमकर बोला. उन्होंने 24 गेंदों का सामना करते हुए 41 रन बनाए. उनकी पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल है. 

दिल्ली के खिलाफ धोनी ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम कर कर लिए हैं. 22 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेलते हुए धोनी ने आईपीएल में अपने करियर का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा है. इससे पहले 2012 में धोनी ने 20 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी थी. 

इसके साथ ही आईपीएल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी महेंद्र सिंह धोनी टॉप पर आ गए हैं. धोनी से पहले यह रिकॉर्ड गौतम गंभीर के नाम दर्ज था, जिन्होंने बतौर कप्तान अपने आईपीएल करियर में 3518 रन बनाए हैं. अब धोनी ने उन्हें पछाड़ दिया है. बतौर कप्तान धोनी के आईपीएल में अब तक 3536* रन हो चुके हैं. 

बतौर कप्तान आईपीएल में सबसे ज्यादा रन
महेंद्र सिंह धोनी- 3536* रन
गौतम गंभीर- 3518 रन
विराट कोहली- 3333 रन
रोहित शर्मा- 2198 रन 

इस मैच में अर्धशतकीय पारी खेलते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने 5 छक्के और 2 चौके जड़े. बता दें कि धोनी आईपीएल के अब तक के इतिहास में 5 बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा छक्के जड़ने का कमाल कर चुके हैं. आईपीएल 2018 में ही धोनी यह कारनामा 3 बार कर चुके हैं. धोनी ने बेंगलुरु के खिलाप 7, पंजाब और दिल्ली के खिलाफ 5-5 छक्के जड़े थे. 

यहां देखिए, दिल्ली के खिलाफ धोनी के दमदार छक्के 

बता दें कि दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन दिल्ली के गेंदबाज चेन्नई के मजबूत बल्लेबाजी क्रम के आगे धराशायी होते दिखाई दिए. शेन वॉटसन, महेंद्र सिंह धोनी और अंबाती रायुडू ने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की. दिल्ली के लिए ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 79 रन बनाए. हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर ने नाबाद 54 रनों की पारी खेली.

Trending news