VIDEO: माही ने लंबे-लंबे छक्के लगाने का बताया तरीका, 'आंख बंद करो, बल्ला ऊपर करो...'
Advertisement

VIDEO: माही ने लंबे-लंबे छक्के लगाने का बताया तरीका, 'आंख बंद करो, बल्ला ऊपर करो...'

एक फैन ने धोनी से उनके लंबे-लंबे छक्कों का राज भी पूछा. फैन ने धोनी से पूछा कि वह इतने लंबे-लंबे छक्के कैसे मार लेते हैं?

महेंद्र सिंह धोनी ने बताया अपने लंबे-लंबे छक्कों का राज (PIC : IANS)

नई दिल्लीः आईपीएल 2018 में चेन्नई दो साल के बैन के बाद लौटी है. आईपीएल में वापस लौटी चेन्नई की कमान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में है. धोनी की कप्तानी में चेन्नई टीम ने आईपीएल में शानदार परफॉर्म किया है. उनकी टीम आईपीएल की अंकतालिका में 14 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है. इस सीजन में महेंद्र सिंह धोनी का बल्ला भी जमकर रन बरसा रहा है. धोनी इस टूर्नामेंट में अब तक 10 मैचों में 360 रन बना चुके हैं. उनका स्ट्राइक रेट 165 का है. धोनी ने इससे पहले 2017 में 290, 2016 में 284 रन बनाए थे. 2017 और 2016 में धोनी पुणे टीम का हिस्सा थे. 

आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी अपनी शानदार बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग के साथ मैदान के बाहर भी अपने फैन्स का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं. धोनी चेन्नई टीम से जुड़े प्रमोशंस में हिस्सा ले रहे हैं और फैन्स के मजेदार सवालों का भी जवाब दे रहे हैं. 

हाल ही में गल्फ ऑयल इंडिया के एक प्रोमोशनल इवेंट में महेंद्र सिंह धोनी पहुंचे थे. इस इवेंट में उनके फैन्स ने उनसे कई तरह के सवाल पूछे, जिनका जवाब महेंद्र सिंह धोनी ने दिया. इन्हीं फैन्स में से एक फैन ने धोनी से उनके लंबे-लंबे छक्कों का राज भी पूछा. फैन ने धोनी से पूछा कि वह इतने लंबे-लंबे छक्के कैसे मार लेते हैं?

इस सवाल का जवाब देते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने कहा, ''आंख बंद करो, बल्ला ऊपर करो, भगवान का नाम लो और मार दो.'' धोनी के इस जवाब को सुनकर सभी फैन्स ठहाके लगाकर खूब हंसे. 

इसी इवेंट के दौरान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने पहले प्यार के बारे में भी बताया. धोनी ने बताया कि उन्हें पहला क्रश 12वीं क्लास में हुआ था और उस लड़की का नाम स्वाति था. धोनी ने इस राज से पर्दा उठाने के साथ ही मजाक में यह भी कहा कि इस बारे में साक्षी को मत बताना. 

Trending news