राष्ट्रीय खेल: विजय ने बनाया गोल्डन डबल, तरणताल में टूटे 6 मीट रिकॉर्ड
Advertisement

राष्ट्रीय खेल: विजय ने बनाया गोल्डन डबल, तरणताल में टूटे 6 मीट रिकॉर्ड

ओलंपिक रजत पदक विजेता विजय कुमार ने 35वें राष्ट्रीय खेलों के तीसरे दिन आज यहां दो स्वर्ण पदक जीते जबकि तैराकी में छह मीट रिकार्ड टूटे। सेना खेल संवर्धन बोर्ड आज कुछ समय के लिये हरियाणा के बाद दूसरे स्थान पर खिसक गया था लेकिन वह बाद में शीर्ष पर पहुंचने में सफल रहा। उसके नाम पर अब 25 पदक (16 स्वर्ण, 2 रजत और 7 कांस्य) दर्ज हैं। उसके बाद हरियाणा का नंबर आता है जिसके 24 पदक (15 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य) हैं। महाराष्ट्र नौ स्वर्ण, 15 रजत और छह कांस्य (कुल 30 पदक) के साथ तीसरे स्थान पर हंै। पिछले एशियाई खेलों में टीम स्पर्धा का रजत पदक जीतने वाले विजय ने शानदार फार्म दिखायी।

तिरूवनन्तपुरम : ओलंपिक रजत पदक विजेता विजय कुमार ने 35वें राष्ट्रीय खेलों के तीसरे दिन आज यहां दो स्वर्ण पदक जीते जबकि तैराकी में छह मीट रिकार्ड टूटे। सेना खेल संवर्धन बोर्ड आज कुछ समय के लिये हरियाणा के बाद दूसरे स्थान पर खिसक गया था लेकिन वह बाद में शीर्ष पर पहुंचने में सफल रहा। उसके नाम पर अब 25 पदक (16 स्वर्ण, 2 रजत और 7 कांस्य) दर्ज हैं। उसके बाद हरियाणा का नंबर आता है जिसके 24 पदक (15 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य) हैं। महाराष्ट्र नौ स्वर्ण, 15 रजत और छह कांस्य (कुल 30 पदक) के साथ तीसरे स्थान पर हंै। पिछले एशियाई खेलों में टीम स्पर्धा का रजत पदक जीतने वाले विजय ने शानदार फार्म दिखायी।

सेना के इस निशानेबाज ने पुरूषों की 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत और टीम दोनों में स्वर्ण पदक जीता। विजय ने व्यक्तिगत स्पर्धा में 583 अंक बनाये। इसके बाद सेना टीम स्पर्धा में 1733 अंक लेकर शीर्ष पर रही। हिमाचल प्रदेश के अनुभवी समरेश जंग (576) और सेना के पेम्बा तमांग को व्यक्तिगत स्पर्धा में क्रमश: रजत और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। निशानेबाजी रेंज पर कुछ अनपेक्षित परिणाम भी देखने को मिले। मेजबान केरल के लिये एलिजाबेथ कोसी ने राष्ट्रीय खेलों का पहला स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने महिलाओं की 50 मीटर राइफल प्रोन में विश्व चैंपियन तेजस्विनी सावंत सहित अन्य को पीछे छोड़ा। कोसी ने 618.5 अंक बनाये। हरियाणा की मीना कुमारी ने रजत और पश्चिम बंगाल की कुहेली गांगुली ने कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन में सेना के चैनसिंह मन्हास ने जयदीप करमाकर (पश्चिम बंगाल) और संजीव राजपूत (हरियाणा) को पीछे छोड़कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 205.8 अंक बनाये। मध्यप्रदेश के शमशेर सिंह भंडारी ने रजत हासिल किया जबकि करमाकर को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। त्रिशूर में ट्रैप और स्कीट स्पर्धाओं में विश्व कप में स्वर्ण पदक विजेता और यहां पंजाब का प्रतिनिधित्व कर रहे मानवजीत संधू ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करके सोने का तमगा हासिल किया। उत्तर प्रदेश के अनवर सुल्तान और उनके ही राज्य के अनिरूद्ध सिंह ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता। लेकिन फिर से सबसे रोमांचक प्रदर्शन तरणताल में देखने को मिला जिसमें आज कुल छह मीट रिकॉर्ड टूटे।

एशियाई खेलों के पूर्व कांस्य पदक विजेता वीरधवल खाड़े ने पुरुषों के 50 मीटर फ्रीस्टाइल में 23 सेकेंड का समय लेकर खेलों के पिछले रिकॉर्ड को 0.08 सेकेंड से तोड़ा। मध्यप्रदेश के एरोन डिसूजा दूसरे और गुजरात के अंशुल कोठारी तीसरे स्थान पर रहे। कर्नाटक के अरविंद मणि ने पुरुषों की 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले में तीन सेकेंड से नया मीट रिकार्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने चार मिनट 37.75 सेकेंड का समय लिया। पश्चिम बंगाल के सुप्रियो मंडल ने रजत और सानू देबनाथ ने कांस्य पदक हासिल किया। मध्यप्रदेश की रिचा मिश्रा ने महिलाओं की 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले में 2011 में बनाया गया खुद का रिकॉर्ड भंग किया। उन्होंने पांच मिनट 7.19 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। तमिलनाडु की वीकेआर मीनाक्षी को रजत और महाराष्ट्र की आकांक्षा वोरा को कांस्य पदक मिला। गुजरात की 15 वर्षीय मीना पटेल ने महिलाओं की 200 मीटर बैकस्ट्रोक में दो मिनट 23.03 सेकेंड के साथ नया मीट रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने खुद का रिकार्ड तोड़ा। कर्नाटक की वानिया कपूर दूसरे और रिचा मिश्रा तीसरे स्थान पर रही।

शाम को महिलाओं की 50 मीटर फ्रीस्टाइल में महाराष्ट्र की आदिति धुमातकर ने 29.90 सेकेंड के समय के साथ खेलों का नया रिकार्ड बनाया। वह हरियाणा की राष्ट्रीय चैंपियन शिवानी कटारिया को दूसरे स्थान पर धकेलने में सफल रही। महाराष्ट्र की अवंतिका चव्हाण ने कांस्य पदक हासिल किया। कन्नूर में भारोत्तोलन में राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता विकास ठाकुर (85 किग्रा) ने स्नैच तथा क्लीन एवं जर्क में नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 339 किग्रा (153 और 186 किग्रा) भार उठाया। राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन सतीश शिवालिंगम ने अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पुरुषों के 77 किग्रा में 307 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा के शुभम वर्मा को रजत और छत्तीसगढ़ के अजयदीप सारंग को कांस्य पदक मिला। महिलाओं के 63 किग्रा भार वर्ग में पंजाब की जसवीर कौर ने 212 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश की वंदना गुप्ता ने रजत और पश्चिम बंगाल की राखी हल्दर ने कांस्य पदक हासिल किया।

हरियाणा को हालांकि 130 किग्रा ग्रीको रोमन में मुंह की खानी पड़ी। सेना के नवीन ने पंजाब के गुरसेवक सिंह को हराकर इस वजन वर्ग का खिताब जीता। हरियाणा के सोनू को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। हरियाणा के सत्यव्रत को 97 किग्रा फ्रीस्टाइल में भी कांस्य पदक ही मिला। पंजाब के गुरपाल सिंह ने इस वर्ग में सोने का तमगा हासिल किया। उन्होंने फाइनल में पश्चिम बंगाल के अरविंद कुमार को हराया। स्क्वाश में तमिलनाडु के खिलाड़ियों ने दबदबा बनाये रखा। राज्य के सौरव घोषाल जहां पुरूष एकल के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे वहीं महिला वर्ग में जोशना चिनप्पा और आर लक्ष्य ने तमिलनाडु के लिये स्वर्ण और रजत पदक पक्का किया। घोषाल भी फाइनल में राज्य के ही हरिंदर पाल सिंह संधू से होगा।

Trending news