भारत में घर जैसा महसूस कर रहे हैं पाकिस्तानी खिलाड़ी
Advertisement

भारत में घर जैसा महसूस कर रहे हैं पाकिस्तानी खिलाड़ी

लाहौर से 30 घंटे लंबी यात्रा करके थक चुके पाकिस्तानी खिलाड़ी सोबिया गफूर और बिस्माह इदरीस भारत में लोकप्रिय गोपीनाथ बारदोलोइ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लाउंज में आराम करती नजर आई जिन्हें भारत में घर जैसा महसूस हो रहा है।

गुवाहाटी: लाहौर से 30 घंटे लंबी यात्रा करके थक चुके पाकिस्तानी खिलाड़ी सोबिया गफूर और बिस्माह इदरीस भारत में लोकप्रिय गोपीनाथ बारदोलोइ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लाउंज में आराम करती नजर आई जिन्हें भारत में घर जैसा महसूस हो रहा है।

महिला वॉलीबाल टीम की दोनों सदस्यों को कोलकाता से जत्थों में आने वाले अपने साथी खिलाड़ियों का कई घंटे इंतजार करना पड़ा। ये 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में भाग लेने यहां आये हैं।

दोनों ने कहा, ‘हम पहली बार यहां आये हैं और यहां की खातिरदारी के मुरीद हो गए हैं। चाहे जीते या नहीं, हम यहां से दोस्ती और अमन की यादें लेकर जायेंगे।’ पाकिस्तानी महिला वॉलीबाल टीम दो दशक बाद इन खेलों में भाग ले रही है। उन्होंने आखिरी बार 1995 में मद्रास में हुए इन खेलों में हिस्सा लेकर कांस्य पदक जीता था।

भारतीय साड़ी और बिंदी से प्रभावित सोबिया यहां खरीदारी भी करना चाहती है जबकि उनकी साथी खिलाड़ी बिस्मा भारतीय खाने और हिन्दी सिनेमा का मजा लेना चाहती है। उसने कहा, ‘हम सभी को भारतीय गाने और फिल्में पसंद है। हमें यकीन है कि यहां बहुत मजा आयेगा।’ पाकिस्तान का 456 सदस्यीय दल गुवाहाटी और शिलांग में पांच से 16 फरवरी तक होने वाले इन खेलों में भाग ले रहा है। 

Trending news