Advertisement
trendingNow1492979

साइना नेहवाल ने पूरा फाइनल खेले बिना जीता इंडोनेशिया मास्टर्स, केवल 7 मिनट में बनीं विजेता

साइना नेहवाल ने इंडोनेशिया मास्टर्स के फाइनल मुकाबले को 7 मिनट में ही जीत लिया क्योंकि उनकी प्रतिद्वंदी कैरोलिना मारिन को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा. 

साइना नेहवाल का दो साल में यह पहला खिताब है.  (फोटो: PTI)
साइना नेहवाल का दो साल में यह पहला खिताब है. (फोटो: PTI)

जकार्ता: वर्ल्ड नम्बर-9 भारतीय महिला खिलाड़ी साइना नेहवाल को रविवार को स्पेन की बैडमिंटन खिलाड़ी कैरोलिना मारिन के रिटायर्ड हर्ट होने से इंडोनेशिया मास्टर्स की विजेता घोषित कर दिया गया. ऐसे में साइना इस खिताब को जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं. साइना ने दो साल में पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब अपने नाम किया. साइना एक महीने पहले ही में शादी के बंधन में बंधी थीं.  

सात मिनट तक ही चल सका मैच
साइना और वर्ल्ड नम्बर-4 मारिन के बीच का मैच केवल सात मिनट तक चल पाया था कि सर्विस लेने दौरान मारिन को पैर में चोट लग गई. तब मारिन ने मैच से हटने का निर्णय लिया. लंदन ओलंपिक की कांस्य पदकधारी साइना शुरूआती गेम में 4-10 से पिछड़ रही थीं. 

साइना ने पिछला बीडब्ल्यूएफ खिताब 2017 में मलेशिया में जीता था. उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी के लिए यह साल काफी अहम है. वह काफी कड़ी प्रतिद्वंद्वी थी, उसने अच्छी शुरूआत की लेकिन आज जो कुछ हुआ, उसके लिए दुर्भाग्यपूर्ण रहा.’’ भारतीय खिलाड़ी ने पिछले साल पैर में चोट के बाद वापसी करते हुए यहां शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा, ‘‘मैं भी चोट से वापसी करके आयी हूं. मैंने यह देखने के लिए टूर्नामेंट खेला कि चोट कितनी सही हुई है. और मैं खुश हूं कि मैं मलेशिया में सेमीफाइनल और यहां फाइनल खेल सकी. अब आगे बेहतर फिटनेस की उम्मीद करते हुए अगले टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करूंगी.’’ 

Add Zee News as a Preferred Source

fallback

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पिछले कुछ वर्षों में चोटिल होती रही हूं. मैं हमेशा मजबूती से वापसी की कोशिश करती रहती हूं, इसमें कुछ भी छिपा नहीं है. मैं फिजियो और कोचों का शुक्रिया करना चाहती हूं जिन्होंने मेरा बहुत सहयोग किया.’’ 

साइना ने शनिवार को महिला एकल के सेमीफाइनल में चीन की हे बिंग जियाओ को 18-21, 21-12, 21-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था, वहीं मारिन ने अपने सेमीफाइनल मैच में चीन की चेन युफेई को 21-17, 11-21, 21-23 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी. साइना ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण, एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के अलावा डेनमार्क, इंडोनेशिया मास्टर्स और सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया था 
(इनपुट भाषा/आईएएनएस)

About the Author
author img
Zee News Desk

Zee News Desk, रिपोर्टिंग और डेस्क टीम का एक मजबूत हिस्सा है, जो आपके लिए विश्‍वसनीय खबरें पेश करता है.  

...और पढ़ें

TAGS

Trending news