)
आजकल पानी की कमी हर जगह देखने को मिल रही है और इसी वजह से घरों में पानी की टंकी भरना भी मुश्किल हो गया है. लोग मोटर चलाकर टंकी भरते हैं, लेकिन कई बार टंकी भर जाने के बाद भी मोटर बंद नहीं करते, जिससे पानी बहता रहता है और बिजली भी ज्यादा खर्च होती है. इसी परेशानी को हल करने के लिए दिल्ली की एक कंपनी ने एक खास डिवाइस तैयार किया है, जो स्मार्ट वॉटर कंट्रोलर है. यह मोटर और टंकी को आपस में जोड़ता है और इसे मोबाइल ऐप से भी कंट्रोल किया जा सकता है.
डिवाइस ने आसान किया काम
इस सिस्टम की मदद से आप आसानी से जान सकते हैं कि पानी की टंकी में कितना पानी भरा है. ऐसे में आप जब चाहें मोटर ऑन या ऑफ कर सकते हैं. जैसे ही टंकी पूरी भर जाती है, आपको तुरंत अलर्ट मिल जाता है. इससे पानी बेकार नहीं जाता और मोटर भी ओवरलोड होने से बची रहती है.
कैसे इस्तेमाल होता है डिवाइस
कंपनी के एक सदस्य नकुल ने बताया कि इस डिवाइस का नाम फ्लोसेंसो रखा गया है. इसे सीधे पानी की टंकी के ढक्कन पर लगाया जाता है और मोटर पंप से एक तार के जरिए जोड़ा जाता है. इसका एक मोबाइल ऐप भी है, जिसे आप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं. ऐप की मदद से आप अपने फोन पर आसानी से देख सकते हैं कि टंकी में कितना पानी भरा है.
मोबाइल पर आता है मैसेज
जैसे ही पानी की टंकी पूरी भर जाती है तो आपके फोन पर एक मैसेज आ जाता है जिससे आपको तुरंत पता चल जाता है कि टंकी भर चुकी है. ऐसे में आप उसी वक्त मोटर बंद कर सकते हैं ताकि पानी बर्बाद न हो और अगर पानी की सप्लाई ही नहीं आ रही हो तो ये डिवाइस खुद ही मोटर को बंद कर देती है, जिससे मोटर पर ज्यादा दबाव भी नहीं पड़ता, मोटर के खराब होने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है और बिजली का बिल भी नहीं बढ़ता.
जानें कितनी है कीमत
नकुल बताते हैं कि इस डिवाइस की कीमत करीब 7500 रुपये रखी गई है. इसे लगाना इतना आसान है कि आपको किसी एक्सपर्ट को बुलाने की भी जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि आप खुद ही इसे टंकी पर फिट कर सकते हैं और तुरंत इस्तेमाल करना शुरू कर सकते हैं. अगर आप इसे खरीदना चाहते हैं तो बस ऑनलाइन जाकर Flosenso टाइप करें और आपको ये प्रोडक्ट मिल जाएगा.
डिवाइस के फायदे
इस डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इससे बिजली और पानी दोनों की बचत होती है. मोटर बेवजह नहीं चलती, जिससे बिजली खर्च नहीं होती और टंकी ओवरफ्लो भी नहीं होती तो पानी भी नहीं बर्बाद होता. कंपनी का दावा है कि आप चाहे घर पर हों या कहीं बाहर, यहां तक कि विदेश में भी क्यों न हों, अपने मोबाइल से ही मोटर को ऑन या ऑफ कर सकते हैं. भारत मंडपम में जब इसे वॉटर एक्सपो में दिखाया गया तो लोगों का ध्यान सबसे पहले इसी पर गया.