सोफिया फिरदौस: 32 साल उम्र, सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री, कौन हैं ओडिशा की पहली मुस्लिम महिला विधायक

Kunal Jha
Jun 08, 2024

ओडिशा की बाराबती-कटक सीट से कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज करा लिया है. वह ओडिशा विधानसभा में चुनी जाने वाली पहली मुस्लिम महिला विधायक हैं.

सोफिया फिरदौस ने 2024 के ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा के पूर्ण चंद्र महापात्रा को 8,001 वोटों के अंतर से हराया है.

हालांकि, क्या आज जानते हैं कि आखिर ओडिशा की पहली मुस्लिम महिला विधायक सोफिया फिरदौस कौन हैं?

दरअसल, 32 वर्षीय सोफिया फिरदौस एक राजनीतिक परिवार से आती हैं. वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद मोकिम की बेटी हैं. पार्टी ने 2024 के ओडिशा विधानसभा चुनावों में मोहम्मद मोकिम की जगह उनकी बेटी सोफिया फिरदौस को मैदान में उतारा था, जो कि विजयी हुई हैं.

सोफिया फिरदौस ने कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है. उन्होंने 2022 में इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, बैंगलोर (IIM Bangalore) से एग्जिक्यूटिव जनरल मैनेजमेंट प्रोग्राम भी पूरा किया है.

साल 2023 में, सोफिया फिरदौस को कन्फोडरेशन ऑफ रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CREDAI) के भुवनेश्वर चैप्टर की प्रेसिडेंट के रूप में चुना गया. वह CREDAI महिला विंग के लिए ईस्ट जोन कॉर्डिनेटर के रूप में भी काम करती हैं.

वह CII - इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (IGBC) के भुवनेश्वर चैप्टर की सह-अध्यक्ष हैं और INWEC इंडिया की कोर मेंबर भी हैं. उनकी शादी बिजनेसमैन शेख मेराज उल हक से हुई है.

वह ओडिशा की पहली महिला मुख्यमंत्री नंदिनी सत्पथी के नक्शेकदम पर चलती हैं, जिन्होंने 1972 में इसी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था.

VIEW ALL

Read Next Story