माली के होटल से बचाए गए बंधक बने पांच विदेशी, सात लोगों की मौत
Advertisement

माली के होटल से बचाए गए बंधक बने पांच विदेशी, सात लोगों की मौत

मध्य माली के एक होटल में बंदूकधारियों के कब्जे से पांच विदेशियों को बचा लिया गया है और कई बंधकों को मुक्त करा लिया गया है, लेकिन इस दौरान कम से कम सात लोगों की मौत होने की खबर है।

बामाको: मध्य माली के एक होटल में बंदूकधारियों के कब्जे से पांच विदेशियों को बचा लिया गया है और कई बंधकों को मुक्त करा लिया गया है, लेकिन इस दौरान कम से कम सात लोगों की मौत होने की खबर है।

एक सैन्य सूत्र ने शनिवार तड़के बताया कि ‘हम यह नहीं कह सकते कि सब समाप्त हो गया है लेकिन कई बंधकों को सेवारे में होटल बाइब्लोस के पास तैनात माली के सैन्य बलों ने मुक्त करा लिया है।

एक अन्य सैन्य सूत्र ने बताया कि माली के विशेष बलों ने पांच विदेशियों समेत बंधकों को बचा लिया है। सूत्र यह नहीं बता पाए कि ये विदेशी किस देश के हैं। सरकार के अनुसार हमलावरों ने शुक्रवार सुबह सात बजे होटल पर हमला कर दिया था। इस होटल में बड़ी संख्या में विदेशी आते हैं।

एक सैन्य सूत्र ने बताया कि माली के बलों ने इलाके को घेर लिया लेकिन बंदूकधारियों ने लोगों को बंधक बना रखा था। इसके कारण यह अभियान मुश्किल हो गया था। सरकार ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावरों ने अभी कितने और लोगों को बंधक बना रखा है। होटल में संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षक मिशन (MINUSMA) के कुछ सदस्य भी हैं।

सरकार ने कल एक बयान में कहा था कि माली की सेना के पांच जवान मारे गए हैं और दो घायल हुए हैं। इसके अलावा दो हमलावर मारे गए है। सात संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। MINUSMA ने कहा कि उससे संबंधित अंतरराष्ट्रीय स्टाफ का एक सदस्य इस ‘आतंकवादी हमले’ में मारा गया। हालांकि मृतक की राष्ट्रीयता के बारे में जानकारी नहीं दी गई। यह स्पष्ट नहीं है कि मारा गया MINUSMA का सदस्य सरकारी मृतक संख्या में शामिल है या नहीं।

Trending news