इस्लामी चरमपंथी अमेरिका के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए हैं: तुलसी गब्बार्ड
Advertisement

इस्लामी चरमपंथी अमेरिका के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए हैं: तुलसी गब्बार्ड

अमेरिका की पहली हिंदू सांसद तुलसी गब्बार्ड ने कहा है कि इस्लामी चरमपंथी अमेरिका के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए हैं लेकिन ओबामा प्रशासन ने उसे दुश्मन मानने से इनकार कर दिया है।

इस्लामी चरमपंथी अमेरिका के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए हैं: तुलसी गब्बार्ड

वाशिंगटन : अमेरिका की पहली हिंदू सांसद तुलसी गब्बार्ड ने कहा है कि इस्लामी चरमपंथी अमेरिका के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए हैं लेकिन ओबामा प्रशासन ने उसे दुश्मन मानने से इनकार कर दिया है।

भारत की दो सप्ताह की यात्रा से हाल ही में लौटी गब्बार्ड ने कहा, यहां हालात को देखकर इतनी अधिक हताशा होती है कि , हमारा प्रशासन यह पहचानने से इंकार करता है कि कौन हमारा दुश्मन है। और जब तक ऐसा नहीं होता है , तब तक उस दुश्मन को परास्त करने के लिए रणनीति बनाया जाना भी असंभव है।

उन्होंने कहा, हमें इस बात को स्वीकार करना होगा कि यह चरमपंथी इस्लाम है, यह एक सैन्य युद्ध के समान ही वैचारिक युद्ध है और हमें यह समझना होगा कि यह विचारधारा क्या है और इसकी क्या चुनौतियां हैं। इसे समझिए ताकि हम इसे परास्त कर सकें , अपने नागरिकों की रक्षा कर सकें और अमेरिकियों की रक्षा कर सकें।

गब्बार्ड ने कहा, यह कुछ ऐसा है जो हमें एक क्रम में करना होगा और हमें इराक जैसी जगहों , सीरिया जैसी जगहों और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में उत्तरी अफ्रीका और नाइजीरिया जैसी जगहों को देखना होगा। गब्बार्ड को पिछले सप्ताह प्रतिनिधि सभा में दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ दिलायी गयी थी। उन्होंने कहा कि यह केवल आईएसआईएस या अल कायदा के बारे में नहीं है बल्कि चरमपंथी इस्लामी एजेंडे के कारण पेश आ रही संपूर्ण चुनौती के बारे में है जिसकी मौजूदगी पूरी दुनिया में है।

गब्बार्ड ने कहा कि वह इस बात से व्यथित हैं कि राष्ट्रपति और व्हाइट हाउस असलियत में यह नहीं कह रहे हैं कि यह एक युद्ध है जिसे इस्लामी चरमपंथियों ने अमेरिका के खिलाफ और पश्चिम के खिलाफ छेड़ दिया है। उन्होंने कहा, हम यह पहचानते हैं कि कौन हमारा दुश्मन है और उसके अनुसार दुश्मन को परास्त करने के लिए रणनीति बनाते हैं। अगर आप यह नहीं पहचानते हैं कि हमारा दुश्मन कौन है और उसे समझते नहीं है तो आप उस खतरे को परास्त करने में सक्षम नहीं होंगे और हमें लगातार उस प्रकार की त्रासद घटनाओं का गवाह बनना पड़ेगा जैसी हाल ही में पेरिस में हुई है।

गब्बार्ड ने इस प्रकार की घटनाओं पर काबू पाए जाने और सीमाओं को नियंत्रित किए जाने, विशेषकर तुर्की और सीरिया के बीच की सीमाओं पर हालात को नियंत्रित किए जाने तक वीजा छूट कार्यक्रम को निलंबित किए जाने का आह्वान किया। गब्बार्ड अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की डेमोकेट्रिक पार्टी से हैं और अपने गृह राज्य हवाई का कांग्रेस में प्रतिनिधित्व करती हैं।

 

Trending news