अमेरिका ने 'आतंकवादी हमलों' के कारण ग्लोबल ट्रेवल वार्निंग जारी की
Advertisement

अमेरिका ने 'आतंकवादी हमलों' के कारण ग्लोबल ट्रेवल वार्निंग जारी की

अमेरिका ने एक वैश्विक यात्रा परामर्श जारी करते हुए अपने नागरिकों को पेरिस और माली में हुए हमलों के बाद खूंखार इस्लामिक स्टेट और अन्य आतंकवादी समूहों के तेज हुए आतंकवादी खतरों के कारण संभावित जोखिम के संबंध में सतर्क किया है।

अमेरिका ने 'आतंकवादी हमलों' के कारण ग्लोबल ट्रेवल वार्निंग जारी की

वॉशिंगटन : अमेरिका ने एक वैश्विक यात्रा परामर्श जारी करते हुए अपने नागरिकों को पेरिस और माली में हुए हमलों के बाद खूंखार इस्लामिक स्टेट और अन्य आतंकवादी समूहों के तेज हुए आतंकवादी खतरों के कारण संभावित जोखिम के संबंध में सतर्क किया है।

विदेश मंत्रालय ने कल जारी अपने ताजा यात्रा परामर्श में कहा, मौजूदा सूचना बताती है कि आईएसआईएल : जिसे इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया के नाम से भी जाना जाता है: , अल कायदा, बोको हराम और अन्य आतंकवादी समूह कई क्षेत्रों में आतंकवादी हमले करने का षड़यंत्र रच रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इन हमलों में कई प्रकार की रणनीतियों और परंपरागत एवं गैरपरंपरागत हथियारों का इस्तेमाल किया जा सकता है और आधिकारिक एवं निजी दोनों हितों को निशाना बनाया जा सकता है। अधिकारियों का मानना है कि आईएसआईएल के सदस्य सीरिया और इराक से लौट रहे हैं, ऐसे में आतंकवादी हमलों की आशंका बनी रहेगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा, इसके अलावा बड़े आतंकवादी संगठनों से प्रेरणा लेकर हमलों की योजना बनाने वाले असंबद्ध व्यक्तियों से भी लगातार खतरा है जो व्यक्तिगत रूप से हमले करते हैं। चरमपंथियों ने बड़े खेल समारोहों, थियेटरों, खुले बाजारों और विमानन सेवाओं को निशाना बनाया है। पिछले एक साल में फ्रांस, नाइजीरिया डेनमार्क, माली और तुर्की पर कई हमले हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि इस्लामिक स्टेट ने मिस्र में रूसी विमान पर बमबारी करने का दावा किया है। यात्रा परामर्श में कहा गया है कि ऐसे में अमेरिकी नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों या सार्वजनिक यातायात साधनों का प्रयोग करते समय सतर्कता बरतनी चाहिए।

मंत्रालय ने कहा, आसपास की जगह के बारे में सतर्क रहे और भारी भीड़ में या भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। छुट्टी के सीजन में और त्यौहारों की छुट्टियों या समारोहों के दौरान अधिक सावधानी बरतें। अमेरिकी नागरिकों को मीडिया और स्थानीय सूचना सूत्रों पर नजर रखनी चाहिए। यह परामर्श 24 फरवरी तक के लिए है। फ्रांस और बेल्जियम पेरिस में हुई गोलीबारी और आत्मघाती बम हमलों में संलिप्तता के संदेह में बेल्जियम में जन्मे सालाह अब्देसलाम की व्यापक स्तर पर तलाश कर रहे हैं। इन हमलों की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट समूह ने ली है। इन हमलों में 130 लोग मारे गए थे।

पेरिस पर हुए हमलों के बाद सशस्त्र बंदूकधारियों ने पिछले सप्ताह माली के एक लग्जरी होटल में हमला किया और लोगों को बंधक बना लिया। इस हमले में 19 लोगों की मौत हो गई। अलकायदा से जुड़े एक संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

 

Trending news