दिल्ली में भारी बारिश: यलो अलर्ट, सड़के धंसीं, जलभराव के कारण जाम से जूझे लोग

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और छिट-पुट स्थानों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की.

Written by - Zee Hindustan Web Team | Last Updated : Sep 22, 2022, 11:38 PM IST
  • इन जगहों पर रहा जाम
  • न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली में भारी बारिश: यलो अलर्ट, सड़के धंसीं, जलभराव के कारण जाम से जूझे लोग

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में दो दिनों से जारी बारिश के बीच बृहस्पतिवार को एक सड़क का हिस्सा धंस गया जबकि कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और जलभराव के कारण यातायात थम सा गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और छिट-पुट स्थानों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की.

आज पूरे दिन हुई बारिश के कारण कई जगहों पर पानी भर गया जिसके कारण यातायात की गति कुछ ज्यादा ही धीमी हो गयी. बारिश के कारण कैब और ऑटोरिक्शा के किराए में भी बहुत तेजी आयी. दिल्ली नगर निगम को बारिश के कारण फतेहपुर बेरी, संगम विहार और टिकरी गांव में जलभराव की शिकायत मिली जबकि पेड़ उखड़ने की सात शिकायतें मिलीं.

दिल्ली यातायात पुलिस की हेल्पलाइन पर यातायात जाम से जुड़े 23 कॉल आए, जलभराव से जुड़े सात और पेड़ उखड़ने के संबंध में दो कॉल आए.

इन जगहों पर रहा जाम
अधिकारियों ने बताया कि खजूरी चौक, गोयला डेयरी, यमुना ब्रिज, बाहरी रिंग रोड, पश्चिम विहार, रोहिणी सेक्टर-8, हनुमान मंदिर पूसा रोड, आजाद मार्केट, द्वारका फ्लाईओवर, धौला कुंआ से गुरुग्राम जाने वाले रास्ते पर यातायात जाम से जुड़े कॉल आए. उन्होंने बताया कि एम्स फ्लाईओवर, राजधानी पार्क से मुंडका तक, निगमबोध धाट, मायापुरी फ्लाईओवर सहित अन्य जगहों से जलभराव की सूचना मिली.

उन्होंने बताया कि बुराड़ी और अबाई मार्ग से पेड़ उखड़ने की सूचना मिली. दिल्ली यातायात पुलिस यातायात और जाम से जुड़ी ताजा सूचनाएं ट्विटर पर साझा कर रही है ताकि लोगों को मदद मिल सके. 

न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से मानसून की वापसी से ठीक पहले हुई ताजा बारिश से वर्षा में कमी (22 सितंबर की सुबह तक 46 फीसदी) को कुछ हद तक पूरा करने में मदद मिलेगी. इससे हवा भी साफ रहेगी और तापमान भी नियंत्रित रहेगा. शहर में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

ये भी पढ़ें- 'भारत में खेलने का पुराना अनुभव...', ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने ऐसे दी टीम इंडिया को चेतावनी

Zee Hindustan News App: देश-दुनिया, बॉलीवुड, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल और गैजेट्स की दुनिया की सभी खबरें अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें ज़ी हिंदुस्तान न्यूज़ ऐप.

ट्रेंडिंग न्यूज़