F-15C/D Eagle: अमेरिकी वायुसेना (USAF) ने अपने पुराने लेकिन भरोसेमंद F-15C/D Eagle लड़ाकू विमानों को अब और चार साल तक सेवा में बनाए रखने का फैसला किया है. यह विमान अब 2030 तक देश की Homeland Defense यानी घरेलू हवाई सुरक्षा मिशन का हिस्सा बने रहेंगे. पहले इन्हें 2026 तक रिटायर करने की योजना थी, लेकिन अब एयरफोर्स ने इसे आगे बढ़ा दिया है.
क्यों बढ़ाई गई F-15C/D की सेवा
अमेरिकी वायुसेना की लॉन्ग-टर्म फाइटर फोर्स स्ट्रक्चर रिपोर्ट में बताया गया है कि अभी कुछ F-15C/D विमान इतने सक्षम हैं कि वे अगले कुछ सालों तक देश की हवाई सीमाओं की रक्षा कर सकते हैं. इन विमानों को Platinum Eagles नाम दिया गया है. एयरफोर्स इन 21 सबसे बेहतर विमानों को कैलिफोर्निया एयर नेशनल गार्ड के फ्रेज़्नो बेस पर रखेगी, जो 144th Fighter Wing का घर है.
इन विमानों का इस्तेमाल खासतौर पर अमेरिका की हवाई सीमाओं में घुसने वाले या संदिग्ध उड़ानों को ट्रैक करने और रोकने के लिए किया जाता है. यह मिशन तेजी और सटीकता की मांग करता है, क्योंकि पायलट को तुरंत उड़ान भरकर खतरे की पहचान करनी होती है और जरूरत पड़ने पर उसे गिराना भी पड़ सकता है.
क्यों जरूरी हैं Platinum F-15
भले ही F-15C/D पुराने हो चुके हैं, लेकिन ये अब भी बेहद तेज और विश्वसनीय माने जाते हैं. एक पूर्व वायुसेना पायलट के अनुसार, इन विमानों के मिशन ज्यादा कठिन मैन्युवरिंग वाले नहीं होते, लेकिन स्पीड सबसे अहम होती है. यही वजह है कि ये विमान अब भी अमेरिका की घरेलू हवाई सुरक्षा में काम आ सकते हैं.
हालांकि, इन विमानों की उम्र अब बहुत बढ़ चुकी है. लगभग 75% F-15C/D विमान किसी न किसी परफॉर्मेंस लिमिटेशन से जूझ रहे हैं. यानी उनकी अधिकतम स्पीड या G-लोडिंग क्षमता घट चुकी है, इसकी वजह स्ट्रक्चरल थकान है
F-15EX लेगा जगह
एयरफोर्स की योजना के अनुसार, ये पुराने F-15C/D अगले कुछ सालों में F-15EX Eagle II से पूरी तरह रिप्लेस किए जाएंगे. F-15EX एक आधुनिक, डिजिटल कॉकपिट और एडवांस रडार वाला अपग्रेडेड वर्जन है, जो ज्यादा हथियार लेकर उड़ सकता है और कम मेंटेनेंस मांगता है.
F-15C/D के कई पुराने यूनिट पहले ही बंद किए जा चुके हैं. जैसे ब्रिटेन के RAF Lakenheath और जापान के Kadena Air Base पर. वहां अब F-35 और F-16 जैसे आधुनिक विमान तैनात किए गए हैं. F-15EX आने पर इन्हें स्थायी तौर पर इन बेसों पर भी लगाया जाएगा.
क्या कहती है नई रिपोर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक, एयरफोर्स की कुल जरूरत 1,558 कॉम्बैट-कोडेड फाइटर जेट्स की है. इसमें एक्टिव सर्विस, रिजर्व और बैकअप विमान भी शामिल हैं. कई F-15C/D अब कैनिबलाइजेशन यानी दूसरे विमानों से पार्ट्स निकालकर चलाए जा रहे हैं क्योंकि नए पार्ट्स मिलना मुश्किल हो गया है. यही वजह है कि F-15EX की खरीद को तुरंत जरूरी बताया गया है.
ये भी पढ़ें- बॉर्डर पर इंडियन आर्मी का 'बवंडर'! DRDO थमा रहा 20+ KM रेंज वाली 'लेजर-होमिंग' ATGM मिसाइल; नहीं बचेंगे दुश्मन
Zee Hindustan News App: देश-दुनिया, बॉलीवुड, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल और गैजेट्स की दुनिया की सभी खबरें अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें ज़ी हिंदुस्तान न्यूज़ ऐप.









