Top 10 Ballistic Missiles List: आज की दुनिया में सैन्य ताकत का एक बड़ा हिस्सा लंबी दूरी की मिसाइलों से तय होता है. बैलिस्टिक मिसाइलें, खासकर अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलें, किसी भी देश की मारक क्षमता का असली पैमाना होती हैं. ऐसे में जानना दिलचस्प हो जाता है कि दुनिया की सबसे घातक बैलिस्टिक मिसाइल किसके पास है और इस दौड़ में भारत कहां खड़ा है? आइए जानते हैं.
दुनिया की सबसे घातक मिसाइलें
दुनिया की सबसे घातक बैलिस्टिक मिसाइलों की बात करें तो, ये वो मिसाइलें हैं जो हजारों किलोमीटर दूर बैठे दुश्मन के ठिकानों को भी निशाना बना सकती हैं. इन मिसाइलों की खासियत इनकी रेंज और स्पीड होती है. फिलहाल, रूस के पास दुनिया की कुछ सबसे शक्तिशाली और घातक बैलिस्टिक मिसाइलें हैं. इनमें RS-28 सरमत सबसे ऊपर है. जिसे नाटो कोडनेम 'सैटन II' के नाम से भी जाना जाता है.
सैन्य विश्लेषकों के मुताबिक, इसकी रेंज 18,000 किलोमीटर से ज्यादा बताई जाती है और यह कई परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है. अंतरिक्ष में प्रवेश के दौरान इसकी स्पीड Mach 20 से लेकर Mach 27 तक होती है. यानी आवाज की गति से 20 गुना से भी ज्यादा होती है, जिससे दुश्मन की मिसाइल रक्षा प्रणाली को भेदना इसके लिए आसान हो जाता है.
दुनिया की टॉप 10 बैलिस्टिक मिसाइल
दुनिया भर के कई देश लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें रखते हैं, जो उन्हें सैन्य तौर पर मजबूत बनाती हैं. रेंज और स्पीड के हिसाब से ये टॉप 10 मिसाइल हैं. जिनमें भारत भी शामिल है.
1. RS-28 सरमत (रूस): रेंज 18,000 किमी, स्पीड Mach 20-27.
2. DF-41 (चीन): रेंज 12,000-15,000 किमी, स्पीड Mach 25.
3. UGM-133 ट्राइडेंट II (अमेरिका): पनडुब्बी से लॉन्च होने वाली, रेंज 12,000 किमी, स्पीड Mach 29.
4. RT-2PM2 टोपोल-एम (रूस): रेंज 11,000 किमी, स्पीड Mach 20.
5. RS-24 यार्स (रूस): रेंज 12,000 किमी, स्पीड Mach 20.
6. LGM-30G मिनटमैन III (अमेरिका): रेंज 9,600 किमी, स्पीड Mach 23.
7. DF-5B/C (चीन): रेंज 12,000-15,000 किमी, री-एंट्री स्पीड Mach 15-22.
8. M51 (फ्रांस): पनडुब्बी से लॉन्च होने वाली, रेंज 8,000-10,000 किमी, स्पीड Mach 20+.
9. ह्वासोंग-17/18 (उत्तर कोरिया): रेंज 15,000 किमी+, स्पीड Mach 15-20+.
10. अग्नि-5 (भारत): रेंज 5,000-8,000 किमी, स्पीड Mach 24.
ये मिसाइलें न केवल लंबी दूरी तय कर सकती हैं, बल्कि इनकी वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करते समय की गति इतनी ज्यादा होती है कि इन्हें रोकना बेहद मुश्किल होता है.
टॉप 10 में भारत की अग्नि-5 मिसाइल
रेंज और क्षमता के मामले में भारत की अग्नि-5 मिसाइल दुनिया की उन चुनिंदा मिसाइलों में से एक है जिनकी मारक क्षमता 5,000 किलोमीटर से अधिक है. यह भारत को उन देशों के क्लब में शामिल करती है जिनके पास अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता है. भारत की अग्नि-5 मिसाइल निश्चित रूप से टॉप 10 घातक बैलिस्टिक मिसाइलों में अपनी जगह बनाती है. यह भारत की बढ़ती सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है, जो उसे वैश्विक स्तर पर एक मजबूत स्थिति प्रदान करता है.
ये भी पढ़ें- अमेरिकी B-2 Bomber से दागा जाता है ये 'मॉन्स्टर बम', पाताल में बने बंकरों को भी कर देता है तबाह
Zee Hindustan News App: देश-दुनिया, बॉलीवुड, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल और गैजेट्स की दुनिया की सभी खबरें अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें ज़ी हिंदुस्तान न्यूज़ ऐप.