चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार के गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में बड़े फेरबदल की खबरें है। किसानों की ट्रैक्टर रैली को देखते हुए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री समेत कई बड़े मंत्रियों के गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम का स्थान बदला गया है।
बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल अब पानीपत में नहीं बल्कि पंचकूला में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे और यहीं ध्वजारोहण करेंगे। इसके पीछे की वजह यह बताई जा रही है कि पानीपत में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कुछ किसान संगठन खलल पैदा कर सकते हैं। एहतियात के तौर पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पानीपत में अब सीएम खट्टर की जगह चीफ सेक्रेटरी झंडा फहराएंगे। वहीं उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी अब अंबाला की जगह फरीदाबाद में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दरअसल, पहले पंचकुला में राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य का ध्वाजारोहण का कार्यक्रम था, लेकिन फिर मुख्य सचिव कार्यालय के संसदीय कार्य विभाग की तरफ से जानकारी दी गई की अब 26 जनवरी को राज्यपाल पंचकूला की जगह राजभवन में तिरंगा फहराएंगे। बताया गया है की बीजेपी का कोई भी बड़ा नेता रोहतक नहीं जाएगा।