)
Mohammed Shami: भारतीय क्रिकटर और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की सियासत में एंट्री हो सकती है. दरअसल, जराए के हवाले से बताया गया है कि बीजेपी शमी को आगामी लोकसभा इलेक्शन, बंगाल से लड़ाने पर विचार कर रही है. शमी रणजी ट्रॉफी में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं और राज्य के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखा है.
जराए ने बताया कि बीजेपी नेतृत्व प्रस्ताव लेकर शमी के पास पहुंच गया है. हालांकि, क्रिकेटर ने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है. मौजूदा वक्त में, शमी हालिया सर्जरी से उबरने के लिए ब्रेक पर हैं. तेज गेंदबाज की सर्जरी की तस्दीक होने के बाद पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी.
वर्ल्ड कप में किया था बेहतरीन प्रदर्शन
शमी ने भारत के एकदिवसीय वर्ल्ड कप के बाद से क्रिकेट नहीं खेला है, जब उन्होंने सात मैचों में 10.70 की औसत और 12.20 की स्ट्राइक रेट से 24 विकेट लेकर टीम को फाइनल में पहुंचने में मदद की थी. वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों से अलग-अलग मुलाकात की और उन्हें जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है.
पीएम मोदी ने शमी को लगाया था गले
पीएम मोदी ने टूर्नामेंट में सनसनीखेज प्रदर्शन के लिए मोहम्मद शमी की सराहना की और खिलाड़ी को गले लगाया था. इसके बाद क्रिकेट टीम के ड्रेसिंग रूम का वीडियो वायरल हो गया था. इस बीच शमी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शमी के पैतृक गांव अमरोहा में एक क्रिकेट स्टेडियम बनाने का ऐलान किया था.
शमी यहां से लड़ सकते हैं इलेक्शन
बीजेपी के शीर्ष जराए के मुताबिक, शमी को पश्चिम बंगाल में आगामी लोकसभा इलेक्शन के लिए उम्मीदवार के रूप में प्रस्तावित किया गया था. जो काफी हद तक सकारात्मक थी. बीजेपी के भीतर आंतरिक चर्चा से पता चलता है कि शमी को मैदान में उतारने से पार्टी को बंगाल में अल्पसंख्यक बहुल निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करने में मदद मिल सकती है. भाजपा सूत्रों के मुताबिक, शमी को बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारना है, जो अपनी सीमा के भीतर संदेशखाली गांव में हिंसा के बाद खबरों में है.