)
ICC World Cup 2023: आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 में भारत ने 5 नवंबर को खेले गए मैच में साउथ अफ्रीका पर 243 रनों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की. इस मैच में कई रिकॉर्ड बने. जहां कोहली ने अपना 49वां शतक लगाकर पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है. वहीं जडेजा पांच विकेट लेने वाले वर्ल्ड कप के इस सेशन में दूसरे भारतीय बॉलर बन गए.
टीम इंडिया की टूर्नामेंट में लगातार आठवीं जीत है. जबकि साउथ अफ्रीक टीम की दूसरी हार है. भारतीय टीम 16 अंको के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप काबिज है. जबकि साउथ अफ्रीका प्वाइंट्स टेबल में नंबर दो पर है. टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर देश के पीएम समेत कई सियासी हस्तियों ने बधाई दी है.
पीएम मोदी ने कहा कि विराट कोहली उनके जन्मदिन पर बेहतरीन तोहफा मिला है. पीएम ने X हैंडल से पोस्ट किया, "हमारी क्रिकेट टीम एक बार फिर विजयी हुई है! दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए टीम को बहुत बधाई. बेहतरीन टीम वर्क. उन्होंने आज शानदार पारी खेलने वाले विराट कोहली को जन्मदिन का शानदार तोहफा भी दिया है."
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दी बधाई
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी भारतीय टीम को जीत की बधाई दी. उन्होंने X पर लिखा, "एक और 'विराट' विजय! दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की अविस्मरणीय जीत आज बेहद खास है. पूरी भारतीय क्रिकेट टीम का अभिनंदन! देश वासियों को हार्दिक बधाई! जय हिंद."
कांग्रेस नेता राहुल गांधी टीम इंडिया को दी बधाई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मेन इन ब्लू को दी बधाई. उन्होंने X पर लिखा, "टीम इंडिया मजबूत स्थिति में, एक और जोरदार जीत के लिए मेन इन ब्लू को ढेरों बधाई. विराट के लिए यह वास्तव में खास दिन है, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए ( सचिन के ) वनडे शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी की."
अपने जन्मदिन पर भारत को तोहफा देने वाले विराट कोहली को हार्दिक शुभकामनाएं- अशोक गहलोत
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने भी टीम इंडिया को बधाई दी और लिखा, "अपने जन्मदिन के दिन 49वें रिकॉर्ड शतक से पूरे भारत को जीत का तोहफा देने वाले विराट कोहली को हार्दिक शुभकामनाएं. अनुशासित गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी से वर्ल्ड कप 2023 में देश के अजेय रथ को गतिमान रखने वाली टीम इंडिया को सलाम और बधाई."