Baghpat News: बागपत में कब्रिस्तान में उस वक्त सनसनी मच गई जब मां को दफनाने गए युवक की चचेरे भाइयों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. युवक ने चचेरे भाई की बहू से कोर्ट मैरिज की थी, जिससे दोनों परिवारों में पुरानी रंजिश चल रही थी.
Trending Photos
)
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक शख्स अपनी मां को कब्रिस्तान में दफनाने गया था, जहां उसके चचेरे भाइयों ने सरेआम उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचानन 32 साल के नफीस के रूप में हुई है.
पुलिस ने बताया है कि मृतक अपनी मां को दफनाने के बाद कब्रिस्तान से लौटने ही वाला था, तभी पहले से घात लगाए बैठे उसके चचेरे भाइयों ने उस पर हमला कर दिया. उन्होंने लाठी-डंडों और रॉड से युवक पर ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर तब तक उसे बुरी तरह पीट चुके थे. घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
भाभी से नफीस को हो गया था प्यार
पुलिस के मुताबिक, नफीस शहर के यमुना रोड का रहने वाला था. दो साल पहले उसका अपने चचेरे भाई की पत्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बाद में उन्होंने भागकर कोर्ट मैरिज कर ली. हालांकि, नफीस के चचेरे भाइयों ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी. मामला कोर्ट पहुंचा, जहां महिला ने नफीस के साथ रहने की इच्छा जताई. इसके बाद कोर्ट ने उन्हें साथ रहने की इजाजत दे दी. कोर्ट के फैसले के बाद दोनों सहारनपुर में एक साथ रहने लगे.
कैसे हुई हत्या
वहीं, महिला के शौहर शौकीन समेत परिवार के दूसरे लोगों ने नफीस को बागपत न आने की धमकी दी. साथ ही में चेतावनी दी कि अगर वह भविष्य में बागपत आते हैं, तो उनकी हत्या कर दी जाएगी. आज ( 12 नवंबर ) सुबह नफीस की मां मकसूदी का बीमारी से इंतकाल हो गया. इंतकाल होने के बाद परिवार के लोगों ने नफीस को खबर दी और जनाजा लेकर कब्रिस्तान पहुंच गए. वहीं, सहारनपुर से नफीस सीधे कब्रिस्तान पहुंच गया और जनाजे में शामिल हुआ. इसके बाद वह कब्रिस्तान से निकल रहा था तभी घात लगाए बैठे उसके चचेरे भाइयों ने नफीस पर हमला कर दिया और पीट-पीटकर हत्या कर दी.
पुलिस ने क्या कहा?
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मृतक के चचेरे भाई हैं और सभी फरार हैं. अपर पुलिस अधीक्षक बागपत ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.