)
Damoh Love Jihad Case: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम लड़का पर इल्जाम है कि खुद को हिंदू बताकर लड़की को लव जिहाद में फंसा लिया और लड़की को लेकर भाग गया. अब यह मामला तूल पकड़ लिया है. हिंदू संगठन के लोगों ने बवाल काट दिया है और विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और सकल हिंदू समाज के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और 24 घंटे में लड़की को बरामद करने की चेतावनी दी है. हिंदू संगठनों ने दावा किया है कि सरवर खान ने सौरभ बनकर हिंदू लड़की को अपने जाल में फंसाया है और लड़की को लेकर भाग गया है.
इस बीच, लड़की ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर लोगों से अपील की कि अफवाह पर ध्यान न दें. लड़की ने वीडियो में कहा कि मेरा नाम आराधना गौतम है और ये मेरे पर पति सरवर खान हैं और मैं अपनी मर्ज़ी से सरवर से शादी की है और वह सरबर को पिछले 7 सालों से जानती हूं. साथ ही लड़की ने वीडियो में साफ़ किया कि उसे पहले दिन से ही पता था कि सरबर एक मुस्लिम लड़का है और इस रिश्ते में कोई दबाव नहीं है. उसने लोगों से सरबर के परिवार को परेशान न करने की भी अपील की और कहा कि किसी भी अप्रिय घटना के लिए उसके माता-पिता और रिश्तेदार ज़िम्मेदार होंगे.
हिंदू संगठन के लोग भड़के
लड़की का वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठन के लोग भड़क गए हैं. विहिप नेता अजय खत्री ने दावा किया कि वीडियो दबाव में बनाया गया है और इसमें एडिटिंग के कई निशान हैं. उन्होंने कहा कि सच्चाई तभी सामने आएगी जब पुलिस लड़की को उसके माता-पिता के सामने लाएगी.
लड़की है बालिग
वहीं, पुलिस का कहना है कि लड़की बालिग है, इसलिए उसके बयान अहम होंगे. फिलहाल साइबर सेल की मदद से लड़की और सरबर की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है. दोनों की मौजूदगी अज्ञात है और पुलिस की प्राथमिकता है कि लड़की को सुरक्षित बरामद किया जाए.