)
Delhi Pub Firing: अधिकारियों ने बताया कि रविवार को साउथ दिल्ली के एक पब में कुछ युवकों ने गोलीबारी की, क्योंकि ग्रुप का मैनेजर से सीटिंग अरेंजमेंट को लेकर विवाद हो गया था. दिल्ली पुलिस ने घटनास्थल से अहमद नामक एक शख्स को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, जहांगीरपुरी से युवकों का एक ग्रुप जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए सत्य निकेतन इलाके में मौजूद लव बाइट्स कैफे में आया था. हालात तब और बिगड़ गए जब ग्रुप और पब मैनेजर के बीच बैठने के अरेंजमेंट को लेकर मतभेद पैदा हो गया. यह विवाद जल्द ही हिंसक हो गया, जिसकी वजह से एक युवक ने पब के अंदर ही गोली चला दी.
बहस से नाराज़ होकर अहमद ने अपनी बंदूक से हवा में कुछ राउंड फायर किए. हालांकि, कोई घायल नहीं हुआ. बाद में पब अधिकारियों ने पीसीआर कॉल की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामल में इनवेस्टिगेशन की जा रही है.
इसी तरह की एक घटना में, तिलक नगर इलाके में एक मिठाई की दुकान पर कथित तौर पर गोलीबारी करने के बाद दिल्ली पुलिस ने एक 25 साल के शख्स को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपी विशु उर्फ क्रांति (25) को थोड़ी देर की गोलीबारी के बाद पकड़ लिया.
पुलिस ने बताया कि उन्होंने विशु से एक स्वचालित पिस्तौल और चार खाली कारतूस बरामद किए हैं. विशु ककरोला गांव का निवासी है और कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह का सक्रिय सदस्य है.