Germany Mosque Attack: जर्मनी के मेम्मिंगन में एक मस्जिद के बाहर सूअर का सिर और संदिग्ध खून फेंकने की घटना सामने आई है. इस घटना से तुर्की समुदाय में आक्रोश फैल गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Trending Photos
)
Germany News: पूरी दुनिया में मुसलमानों के प्रति नफरत फैल रही है और एक समुदाय के लोग मुस्लिम समुदाय के लोगों को निशाना बना रहे हैं. इसी बीच, जर्मनी के मेमिंगेन शहर में तुर्की समुदाय की एक मस्जिद को निशाना बनाया गया है और उसमें बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की गई है. अज्ञात लोगों ने जुमे के दिन इस वारदात को अंजाम दिया.
रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने मस्जिद की दीवारों और परिसर में ऐसी चीजें फेंकीं, जिनमें संभवतः जानवरों का खून भरा हुआ था. ये गुब्बारे मस्जिद की इमारत पर फेंके गए, जिससे जगह-जगह गंदगी फैल गई. इसके अलावा, मस्जिद के गेट पर सूअर का सिर भी रख दिया गया था, जो धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की मंशा को दर्शाता है. बताया जा रहा है कि इसे जानबूझकर चांद के निशान पर रखा गया.
किस कम्युनिटी की है मस्जिद
दरअसल, यह मस्जिद तुर्की इस्लामिक कम्युनिटी (DITIB) से जुड़ी हुई है, जो जर्मनी में मुस्लिम समुदाय के लिए धार्मिक और सामाजिक गतिविधियां संचालित करती है. घटना के बाद स्थानीय लोगों और समुदाय के सदस्यों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. अधिकारियों ने आसपास के इलाके से सबूत जुटाने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस का कहना है कि यह एक गंभीर मामला है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है. स्थानीय समुदाय के लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज में नफरत और विभाजन को बढ़ावा देती हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को और मजबूत किया जाए और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. कई लोगों ने यह भी कहा कि इस तरह की हरकतें न सिर्फ एक समुदाय बल्कि पूरे समाज के लिए नुकसानदेह हैं.