)
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी एसीपी ऑफिस में तैनात एक सिपाही पर बीवी की हत्या की कोशिश का इल्जाम लगा है. पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. सिपाही पर आरोप है कि दूसरी महिला से संबंधों का विरोध करने पर उसने बीबी का दुपट्टे से गला घोंट दिया, जिससे वह बेहोश हो गई. लेकिन सिपाही ने घरवालों को फोन कर बीवी द्वारा सुसाइड करने की बात कही. गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद होश में आने के बाद महिला ने पूरी घटना अपने पिता को बताई. इसके बाद महिला के पिता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में नई बस्ती के रहने वाले कासिम अली की शिकायत पर विजयनगर पुलिस स्टेशन में कॉन्स्टेबल परवेज आलम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. कासिम ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 2012 में परवेज आलम से हुई थी. परवेज अभी लोनी ACP ऑफ़िस में कॉन्स्टेबल के तौर पर तैनात है और प्रताप विहार में रहता है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन-चार सालों से परवेज का एक दूसरी महिला कॉन्स्टेबल के साथ नाजायज रिश्ता चल रहा है. जब भी उनकी बेटी ने इसका विरोध किया, तो परवेज ने उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी. इसी बात को लेकर 26 जून को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था.
ACP ने दिया जांच का भरोसा
आरोप है कि कॉन्स्टेबल ने पहले अपनी पत्नी को एक कमरे में बंद किया और फिर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे वह बेहोश हो गई. इसके बाद उसने महिला के भाई को फोन करके कहा कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. महिला के पिता ने बताया कि वह तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सके क्योंकि उनकी बेटी अस्पताल में भर्ती थी. होश में आने के बाद पूरी जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस कार्रवाई की मांग की. ACP उपासना पांडे ने बताया कि विजयनगर पुलिस ने हत्या की कोशिश, उकसाने और दूसरे संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.