)
Haridwar Gang Rape Case: उत्तराखंड में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग मुस्लिम लड़की के साथ गैंगरेप करने के बाद उसे घर की छत से नीचे फेंक दिया गया. इस जघन्य अपराध में शामिल मुख्य आरोपी 19 साल के अरविंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है. यह घटना हरिद्वार के पथरी क्षेत्र के धनपुरा गांव की है.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना धनपुरा गांव में हुई, जहां पीड़िता भी उसी गांव की रहने वाली है. तीनों आरोपियों ने मिलकर नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप किया और फिर पकड़े जाने के डर से उसे घर की छत से नीचे फेंक दिया. इस हैवानियत के बाद पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई. पीड़िता के परिवार ने तुरंत इस मामले की शिकायत पथरी थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी.
इस मामले को लेकर सीनियर पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद सिंह डोभाल ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए. एसएसपी के आदेश के बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी और महज 15 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी अरविंद को पुलिस को गिरफ्तार किया है. आरोपी की गिरफ्तारी पथरी रेलवे स्टेशन से किया गया.
दो आरोपियों की है तलाश
पुलिस ने बताया कि अरविंद ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया. अन्य दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है. पीड़िता की हालत गंभीर है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर पुलिस सभी तथ्यों को स्पष्ट करने के लिए मामले की गहराई से जांच कर रही है.
पुलिस कर रही है छापेमारी
एसएसपी प्रमोद सिंह डोभाल ने कहा कि पुलिस इस मामले में पूरी तरह सतर्क है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को पूरा सहयोग देने का आश्वासन भी दिया. पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि वह इस मामले में पारदर्शी तरीके से काम कर रही है. स्थानीय प्रशासन ने भी घटना को गंभीरता से लिया है और मामले पर नज़र रख रहा है. पुलिस ने अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई हैं, जो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं.