)
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के तुलसी निकेतन इलाके में रहने वाली फरजाना पुत्री हाफिज का एक वीडियो 23 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में फरजाना सीएम योगी आदित्यनाथ, गृह मंत्री अमित शाह और हिंदू धर्म से जुड़ी भावनाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें करती नजर आ रही है. वीडियो सामने आने के बाद टीला मोड़ थाना पुलिस ने जांच की और फरजाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. इस बीच हिंदू संगठनों के लोगों ने जमकर हंगामा किया और लड़की के घर में घुसकर उसकी पिटाई कर दी.
दरअसल, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद माहौल तब गरम हो गया जब कुछ हिंदू संगठनों से जुड़े युवक फरजाना के घर पहुंच गए. उन्होंने वहां जमकर हंगामा किया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए प्रदर्शन किया. पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. एसीपी शालीमार अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की पहचान कर ली गई है और तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फरजाना की पिंकी चौधरी ने की पिटाई
हिंदू रक्षा दल के चीफ पिंकी चौधरी ने कहा, “हमने लड़की का दिमाग दुरुस्त करने का काम किया है, उसकी पिटाई की है. जो योगी या सनातन के खिलाफ बोलेगा, उसका यही हाल होगा. हमें कानूनी प्रक्रिया की कोई चिंता नहीं है. गाय और धर्म के सम्मान में हम मैदान में डटे रहेंगे.” इस दौरान हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने 'योगी के सम्मान में हिंदू रक्षा दल' मैदान में और 'जय गोमाता' जैसे नारे भी लगाए.
नाबालिग है फरजाना
पुलिस ने कहा कि फरजाना और प्रदर्शनकारियों दोनों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाएगी ताकि कानून-व्यवस्था कायम रहे और किसी भी पक्ष को कानून से ऊपर न माना जाए. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फरजाना नाबालिग है और बीते छह महीने से घर से बाहर रह रही थी. वीडियो में जो बातें कही गईं, वे उसी ने खुद रिकॉर्ड की थीं. मामले के राजनीतिक और धार्मिक रंग पकड़ने के बाद हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने अपने समर्थकों का बचाव किया और एक विवादित बयान देकर आग में घी डालने का काम किया.