)
Nuh Lawyer Arrest: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और नूंह जिला पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी के आरोप में तावडू उपमंडल के गांव खरखड़ी निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान वकील रिजवान के तौर पर हुई. उसके खिलाफ तावड़ू सदर थाने में देश विरोधी गतिविधियों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. हालांकि, परिजनों ने रिजवान पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.
इस साल हरियाणा के मेवात क्षेत्र में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में यह तीसरी गिरफ्तारी हुई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रिजवान पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान स्थित कुछ लोगों से ऑनलाइन संपर्क किया और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन किया. जांच एजेंसियों को जब इसकी भनक लगी तो छानबीन शुरू हुई. रिजवान के मोबाइल में व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर उसे हिरासत में लिया गया.
रिजवान के परिजनों का कहना है कि पाकिस्तान में हमारे रिश्तेदार हैं और उनसे सामान्य बातचीत होती रहती है, लेकिन देश विरोधी किसी भी गतिविधि में रिजवान शामिल नहीं है. परिजनों ने बताया कि 24 नवंबर की शाम रिजवान सोहना कोर्ट से घर लौट रहा था और रास्ते में अपने साथी के साथ पीपाका (ससुराल) रुका था, तभी पुलिस ने उसे उठा लिया. दो दिन पूछताछ के बाद बुधवार सुबह दिल्ली व स्थानीय पुलिस की टीम गांव पहुंची और घर की तलाशी ली. रिजवान के कमरे से कुछ दस्तावेज बरामद करने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया.
गांव के सरपंच अशफाक ने कहा कि रिजवान एक होनहार और काबिल वकील था. वह गुरुग्राम, नूंह और सोहना कोर्ट में प्रैक्टिस करता था. उसका सम्मानित परिवार है. कभी ऐसी कोई शिकायत नहीं आई. ससे पहले मई महीने में तावड़ू के गांव कांगरका और नगीना के गांव राजाका से दो युवकों को पाकिस्तान जाकर आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.
रिजवान की गिरफ्तारी के साथ इस साल मेवात में पाक जासूसी के आरोप में कुल तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. सूत्रों के मुताबिक रिजवान का एक साथी वकील भी हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है. पुलिस ने अभी मामले पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन जांच गहनता से चल रही है.