)
Bahraich News: उत्तर प्रेदश के बहराइच जिले में 50 साल के शहबूब अली की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई. यह घटना नानपारा कोतवाली क्षेत्र के फुलवरिया पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार दोपहर की है. बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने कुल्हाड़ी और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर शहबूब अली को मौत के घाट उतार दिया. वारदात इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए. अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
मृतक की पहचान मेहरबान नगर ग्राम पंचायत के मजरा फुलवरिया गांव निवासी शहबूब अली पुत्र शाह मोहम्मद (55) के रूप में हुई है. स्थानीय जराए के मुताबिक, शहबूब अली का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह करीब 20 साल पहले एक हत्या के मामले में जेल गया था और दो साल पहले ही रिहा हुआ था. पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस को आशंका है कि यह घटना पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ी हो सकती है.
SP ने दिया कार्रवाई भरोसा
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस घटना के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठे कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि शहबूब अली कुछ समय से गांव में शांत जीवन बिता रहे थे, लेकिन पुराने विवाद अब फिर से उभर आए लगते हैं. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उन्हें कानून के मुताबिक सख्त सजा दिलाई जाएगी.