Siwan Osama Shahab News: बिहार के सीवान में एक मामूली सड़क दुर्घटना ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया, जिसमें RJD विधायक ओसामा शहाब और बाहुबली चंदन सिंह के समर्थक शामिल थे. पत्थरबाजी और गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई. इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई हैं.
Trending Photos
)
Siwan News: बिहार के सीवान जिले में रविवार शाम एक मामूली सड़क विवाद ने देखते ही देखते हिंसक झड़प और फिर सियासी टकराव का रूप ले लिया. मामला इतना बढ़ गया कि पथराव और फायरिंग तक की नौबत आ गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. घटना एमएच नगर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव की है. बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े छह बजे कुख्यात चंदन सिंह अपने समर्थकों के साथ स्कॉर्पियो से जा रहे थे. इसी दौरान साइड लेने के दौरान उनकी गाड़ी एक ऑटो से टकरा गई. ऑटो चालक की पहचान ऐनुल हक के रूप में हुई है, जो उसी गांव का रहने वाला है. शुरुआत में यह महज एक सामान्य कहासुनी थी, लेकिन जल्द ही मामला बढ़ने लगा.
ऑटो-रिक्शा चालक के समर्थन में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए. इसी बीच RJD विधायक ओसामा शहाब के करीबी माने जाने वाले डब्लू खान भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने चालक का पक्ष लिया. इससे दोनों गुटों के बीच तीखी बहस छिड़ गई, जो जल्द ही एक हिंसक झड़प में बदल गई. हालात तब और बिगड़ गए जब दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए. कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को और भड़का दिया, जिससे पत्थरबाज़ी शुरू हो गई. स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि गोलीबारी की खबरें भी सामने आने लगीं. इस घटना के दौरान पुलिस टीम पर भी पत्थरबाजी की गई. इस घटना में पुलिसकर्मी घायल हो गए.
यह भी पढ़ें:- UP News: पहले मारी गोली, फिर चेहरा कुचला; बुलंदशहर में डॉक्टर की बेरहमी से हत्या
ओसामा शहाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की. बाद में सीवान के SP और सदर एसडीपीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया. हालांकि, इस घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है. इस पूरे मामले ने उस समय राजनीतिक रंग ले लिया है. चंदन सिंह ने इल्जाम लगाया कि इस घटना के पीछे रघुनाथपुर के आरजेडी विधायक ओसामा शहाब का हाथ है. उन्होंने हसनपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उनकी हत्या की साजिश रची गई थी. इस एफआईआर में ओसामा शहाब, डब्लू खान और अन्य लोगों को नामजद किया गया है.
ऑटो चालक ने दर्ज कराया मुकदमा
दूसरी तरफ ऑटो चालक की तरफ से भी आरोप लगाया गया है कि चंदन सिंह और उनके साथियों ने फायरिंग की. इस तरह दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया है, जिससे मामला और जटिल हो गया है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर सच्चाई का पता लगाया जाएगा. पुलिस ने यह भी साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने चंदन सिंह समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.