)
Sufiyan on Premanand Maharaj: हाल ही में प्रेमानंद महाराज की तबीयत खराब थी. देश और दुनिया भर के लोग उनकी अच्छी सेहत के लिए दुआएं मांग रहे थे. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले सुफियान ने सऊदी अरब के मदीना में प्रेमानंद महाराज की अच्छी सेहत कि लिए दुआ मांगी थी और लोगों से अपील की थी कि दूसरे लोग भी दुआ मांगे. वहीं, सुफियान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद सुफियान अब खुद और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं. सुफियान का दावा है कि दुआ वाले वीडियो के वायरल होने के बाद से ही उनके घर की रेकी की जा रही है.
सुफियान ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी करते हुए बताया कि कुछ लोग रात में उनके घर के बाहर बाइक से आते हैं और उनके पिता को बाहर बुलाने की कोशिश करते हैं. कभी पता पूछने के बहाने तो कभी किसी और बहाने से लोग घर के आसपास घूमते रहते हैं. इससे पूरा परिवार दहशत में है.
सुफियान ने मदीने में मांगी थी दुआ
सुफियान ने कहा कि संत प्रेमानंद महराज की तबीयत खराब होने की खबर मिलने पर उन्होंने मदीने में उनके लिए दुआ मांगी थी. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. तब से ही कुछ लोग उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं. उनके पिता फिरोज ने भी बताया कि घर के बाहर कुछ लोग देर रात गाली-गलौज करते हैं और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं. उन्होंने कहा कि परिवार को डर है कि किसी दिन कुछ अनहोनी न हो जाए.
सीएम से लगाई गुहार
सुफियान और उनके पिता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से परिवार को सुरक्षा देने की अपील की है. फिरोज का कहना है कि वे सिर्फ इंसानियत के नाते दुआ कर रहे थे, लेकिन अब परिवार को डर और असुरक्षा के बीच रहना पड़ रहा है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है, लेकिन सुफियान का परिवार प्रशासन से उम्मीद कर रहा है कि उन्हें जल्द सुरक्षा मिले और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो.