)
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सामने आया है, जहां एक देवर ने अपनी छह महीने की गर्भवती भाभी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी. मृतका की पहचान सना नाज के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सना की शादी करीब एक साल पहले सलमान नाम के युवक से लव मैरिज के जरिए हुई थी. परिवार में सबकुछ सामान्य चल रहा था और सना छह महीने की गर्भवती थी. लेकिन रविवार शाम अचानक घर में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया.
परिजनों के मुताबिक, सलमान का छोटा भाई आमिर नशे की हालत में घर पहुंचा था. किसी बात को लेकर उसकी अपनी भाभी सना नाज से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आमिर ने घर में रखा फावड़ा उठा लिया और सना पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने सना के सिर, पेट और छाती पर कई वार किए. गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर गई. घर के अंदर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे.
ऐसे दिया खौफनाक घटना का अंजाम
सना का पति सलमान जब पत्नी को बचाने पहुंचा तो आरोपी ने खून से सना फावड़ा लेकर दरवाजे पर खड़े होकर किसी को भी अंदर आने नहीं दिया. मोहल्ले के लोग भी आरोपी के आक्रामक रवैये को देखकर डर गए और कोई आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं कर सका. स्थिति बिगड़ती देख सलमान सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी आमिर ने पुलिस को भी घर में घुसने से रोक दिया.
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर में रखा गैस सिलेंडर भी खोल दिया और आग लगाने की धमकी देने लगा. इससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए और इलाके में डर का माहौल बन गया. करीब दो घंटे तक चले तनाव और पुलिस की मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में किया गया. इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की मदद से घर के अंदर पहुंचकर सना नाज के शव को कब्जे में लिया गया. घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और खून से सने फर्श, फावड़े और दूसरे सबूतों के नमूने जुटाए गए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी आमिर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.