)
Bengal Encounter News: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर रेप केस के मुख्य आरोपी प्रभाष मंडल को आज सुबह (8 जुलाई) पुलिस ने एक एनकाउंटर में गोली मारकर मार गिराया. 7 और 8 जुलाई की रात पुलिस की एक टीम आरोपी को घटना की दोबारा जांच के लिए क्राइम सीन पर ले गई थी. वहां आरोपी ने एक पुलिस अधिकारी से हथियार छीनकर फायरिंग की और भागने की कोशिश की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 12:45 बजे, जांच अधिकारी और उनकी टीम आरोपी प्रभास मंडल को क्राइम सीन को फिर से समझने के लिए सूर्यपुर हाट ले गई. पुलिस वहां घटनाक्रम को समझने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान, प्रभास मंडल ने अचानक ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी का सर्विस हथियार छीनने की कोशिश की और उसे छीनने में कामयाब भी हो गया. पुलिस का कहना है कि हथियार छीनने के तुरंत बाद, आरोपी प्रभास मंडल ने पुलिस टीम पर गोली चलाई और भागने की कोशिश की.
जवाबी फायरिंग में मारा गया आरोपी
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में तुरंत जवाबी कार्रवाई की. आमने-सामने हुई इस मुठभेड़ में प्रभास मंडल को गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा. एनकाउंटर के फौरन बाद पुलिसकर्मी घायल आरोपी प्रभास को बिना देरी किए बारुईपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मेडिकल जांच के बाद उसे आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं.
मुस्लिम लड़की के साथ गैंगरेप
गौरतलब है कि रविवार को बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक 11 साल की मुस्लिम बच्ची के साथ गैंगरेप किया गया. गैंग-रेप के बाद आरोपियों ने लड़की के शव को एक तालाब में फेंक दिया. पोस्टमार्टम में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है और पुलिस ने हत्या और गैंग-रेप के आरोप में मामला दर्ज किया है. 'बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण' (POCSO) अधिनियम के कड़े प्रावधान भी लागू किए गए हैं. इस घिनौने अपराध के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.