)
Aamir Khan Gauri Spratt Marriage News: फिल्मनगरी मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच इतवार का दिन फिल्मी दुनिया के सबसे चर्चित लम्हों में शामिल हो गया. बरसते मौसम के बीच सुपर स्टार आमिर खान ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करते हुए गौरी स्प्रैट के साथ निकाह नहीं, बल्कि कानूनी तौर पर शादी के बंधन में बंध गए. बेहद सादा, खास और पारिवारिक माहौल में हुई इस रस्म में सिर्फ दोनों परिवारों के लोग, कुछ करीबी दोस्त और चुनिंदा मेहमान ही शामिल हुए. इस तरह आमिर खान ने अपनी जिंदगी का नया सफर शुरू कर दिया.
इतवार (5 जुलाई) को आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने अपने घर पर बेहद सादगी के साथ शादी की. इस मौके पर आमिर के बड़े बेटे जुनैद खान, बेटी आयरा खान और बेटे आजाद भी मौजूद रहे. इसके अलावा परिवार के दूसरे अफराद, करीबी दोस्त और कुछ नामचीन शख्सियतें भी इस खास पल के गवाह बने. शादी की एक तस्वीर एक्टर के पीआर टीम के नुमाइंदे सोशल मीडिया पर शेयर की है.
आमिर खान और गौरी स्प्रैट के शादी की तस्वीरें वायरल
इस तस्वीर में आमिर खान शादी से जुड़े कागजात पर दस्तखत करते हुए दिखाई दे रहे हैं. उनके पास ही गौरी स्प्रैट बैठी नजर आ रही हैं. शादी के दौरान आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने हल्के क्रीम और बेज रंग के पारंपरिक लिबास पहने. दोनों का सादा और खूबसूरत अंदाज फैंस को खूब भा रहा है.
मुंबई में उस दिन लगातार तेज बारिश हो रही थी और मौसम विभाग की तरफ से रेड अलर्ट भी जारी किया गया. इसके बावजूद कई मशहूर हस्तियां शादी में शामिल होने पहुंचीं. इनमें फिल्म प्रोड्यूसर अशुतोष गोवारिकर, एक्टर और डॉयरेक्टर वीर दास, सियासतदान राज ठाकरे भी शामिल रहे. बारिश के बावजूद इन मेहमानों की मौजूदगी ने इस छोटे से समारोह को और भी खास बना दिया.
आमिर खान इससे पहले कर चुके हैं दो और शादी
बता दें, यह आमिर खान की तीसरी शादी है. इससे पहले उन्होंने साल 1986 में रीना दत्ता से शादी की थी. इस शादी से उनके दो बच्चे हैं, बेटा जुनैद खान और बेटी आयरा खान. हालांकि, दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और साल 2002 में दोनों अलग हो गए. इसके बाद आमिर खान ने साल 2005 में किरण राव से शादी की. इस रिश्ते के दौरान दोनों ने सरोगेसी के जरिए बेटे आजाद राव खान का स्वागत किया. बाद में साल 2021 में आमिर और किरण राव ने अलग होने का ऐलान कर दिया था.
गौरी स्प्रैट की बात करें तो उन्होंने फैशन एंड ब्यूटी के क्षेत्र में काम किया है. वह बेंगलुरु की एक सैलून कंपनी से भी जुड़ी रही हैं. बाद में उन्होंने आमिर खान प्रोडक्शंस के साथ भी काम करना शुरू किया. बताया जाता है कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को पिछले 25 साल से जानते हैं, लेकिन दोनों के बीच मोहब्बत का रिश्ता हाल के सालों में शुरू हुआ. गौरी की पहले भी शादी हो चुकी है और उस शादी से उनका एक बेटा भी है.
आमिर ने 60वें बर्थडे पर गौरी स्प्रैट से रिश्तों का किया था खुलासा
पिछले साल मार्च में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर आमिर खान ने पहली बार गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की थी. इसके बाद उन्होंने फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी की हाल ही में रिलीज हुई वेबसीरीज "प्रीतम एंड पेड्रो" की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान यह भी साफ कर दिया था कि वह 5 जुलाई को गौरी से शादी करने जा रहे हैं.
उस दौरान आमिर खान ने कहा था, "शादी 5 जुलाई को है. घर पर ही कर रहे हैं. बहुत छोटी शादी है. 5 तारीख हमारे लिए बहुत खास दिन है. दोनों परिवार होंगे और कुछ करीबी दोस्त शामिल होंगे." आमिर खान की यह बात अब हकीकत बन चुकी है. बिल्कुल उसी तरह, जैसा उन्होंने पहले कहा था, शादी बेहद सादगी, अपनापन और परिवार के बीच पूरी हुई, जिसमें सिर्फ अपने लोग और कुछ चुनिंदा मेहमान ही शामिल हुए.