बॉलीवुड अदाकार शत्रुघ्न सिन्हा के चेहरे पर कटे का एक गहरा निशान है, जिसके बावजूद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में काम किया. आजतक लोग इस बात को लेकर तरह-तरह का अंदाजा लगा रहे थे, लेकिन शत्रुघ्न सिन्हा ने खुद इस राज से पर्दा हटा दिया है.
Trending Photos
)
मुंबईः 'बिहारी बाबू’ और 'शॉट गन’ नाम से मशहूर दिग्गज बॉलीवुड अदाकार शत्रुघ्न सिन्हा ने हाल ही में अपने चेहरे पर निशान के पीछे की कहानी अपने फैंस के साथ साझा किया है. उन्हें 'काला पत्थर’, 'दोस्ताना’, 'युद्ध’ और कई अन्य फिल्मों के लिए जाना जाता है.
वरिष्ठ अभिनेता हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले एक चैट शो 'द इनविंसिबल्स’ में दिखाई दिए, जहां उन्होंने खुलासा किया कि उनके चेहरे पर पड़ा वह निशान बचपन की चोट की वजह से है. उन्होंने कहा, " मैं बचपन में बहुत शरारती था. एक दिन, मैंने अपने चाचा को अपना चेहरा शेव करते देखा था. फिर उनकी नकल करने के लिए, जब मैं बच्चा था तो मैंने भी अपने चेहरे पर उस्तरा चलाया और अपना चेहरा काट लिया. ’’ उन्होंने आगे कहा, ’’ पहले मेरे चाचा की बेटी ने उस्तरा चलाने की कोशिश की थी और उसने अपना गाल काट लिया और रोने लगी. फिर मैंने उससे कहा, ’तुमको नहीं आता है, मैं तुम्हें दिखाता हूं कैसे करते हैं’ फिर मैं आगे बढ़कर अपना ही गाल काटने लगा.’’
अभिनेता ने कहा, "जब मैं अपना फिल्मी करियर शुरू करने वाला था तो मुझे काफी मुझे शर्मिंदगी महसूस हो रही थी कि मैं अपने एक झुलसे हुए चेहरे के साथ कैसे काम करूंगा. लेकिन फिर, देव आनंद ने मुझे अपने चेहरे पर गर्व करने के लिए कहा और उन्होंने मुझे प्लास्टिक सर्जरी न कराने की सलाह दी.’’
’द इनविंसिबल्स’ बॉलीवुड बबल के यूट्यूब चैनल पर स्ट्रीम करेगा.
गौरतलब है कि बॉलीवुड अदाकार शत्रुघ्न सिन्हा बिहार से ताल्लुक रखते हैं और वह फिल्मों के साथ राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं. वह लंबे अरसे तक भाजपा के साथ रहे और अटल बिहारी सरकार में उन्हें स्वास्थ्य मंत्री भी बनाया गया था. लेकिन भाजपा में मोदी और शाह गुट के प्रभावी होने के बाद उन्होंने पार्टी में अपनी उपेक्षा का इल्जाम लगाकर भाजपा छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन कर लिया था. हालांकि कांग्रेस में भी वह ज्यादा दिन टिक नहीं पाए और फिर कांग्रेस छोड़कर उन्होंने ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ज्वॉइन कर ली. ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में रहने वाले बिहारी लोगों को लुभाने और उनका वोट लेने के लिए शत्रुघ्न सिन्हा को अपनी पार्टी से जोड़ा था, क्योंकि बंगाल में भाजपा के उभार के पीछे भी वहां के बिहारी समुदाय के लोग ही हैं, जो भाजपा को खुलकर सपोर्ट करते हैं. शत्रुघ्न सिन्हा अभी बंगाल के आसनसोल से टीएमसी के टिकट पर लोकसभा सांसद हैं.
पूनम सिन्हा उनकी पत्नी है, जो 2019 में सपा के टिकट पर यूपी से चुनाव लड़ चुकी हैं, जिसमें उनकी हार हुई थी. बॉलीवुड अदाकार सोनाक्षी सिन्हां उनकी बेटी है.
Zee Salaam