पाकिस्तानी गायक और संगीतकार अबरार-उल-हक ने भारत की मशहूर म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज पर इल्जाम लगाया है कि उसने अपनी आने वाली फिल्म में बिना अनुमति के मेरे गाने का इस्तेमाल किया है. हालांकि टी-सीरीज ने गायक के इस दावे को खारिज कर दिया है.
Trending Photos
)
मुंबईः एक पाकिस्तानी सिंगर ने बॉलीवुड फिल्म ’जुग जुग जियो’ में फिल्माए गए एक गाने पर अपना दावा पेश किया है. पाकिस्तानी गायक और संगीतकार अबरार-उल-हक ने भारत की मशहूर म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज पर इल्जाम लगाया है कि कंपनी ने बिना उनकी इजाजत के उनका एक गाना चुरा लिया है. हालांकि कंपनी ने अबरार के उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस पर उनकी आने वाली फिल्म ’जुग जुग जियो’ के ’नच पंजाबन’ गाने का बिना अनुमति के इस्तेमाल करने का इल्जाम लगाया है.
नकल करके गानों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिएः अबरार
फिल्म के ट्रेलर में हक के वर्ष 2002 में आए मशहूर गाने का नया संस्करण दिखाया गया है. फिल्म ’जुग जुग जियो’ में वरुण धवन, नीतू कपूर, अनिल कपूर और कियारा आडवाणी जैसे सितारे नजर आएंगे. बीते इतवार को ही फिल्म का ट्रेलर जारी होने के फौरन बाद पाकिस्तानी गायक ने ट्विटर पर कहा कि उन्होंने अपना गाना किसी भी भारतीय निर्माता को नहीं बेचा है. हक ने इसे कॉपीराइट उल्लंघन करार देते हुए धर्मा प्रोडक्शंस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी. हक ने कहा कि करण जौहर जैसे निर्माताओं को नकल करके गानों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. यह मेरा छठा गाना है जिसकी नकल की गई है और इसकी इजाजत नहीं दी जाएगी.
टी-सीरीज ने खारिज किया पाकिस्तानी गायक का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल हुए हक के इस दावे के बाद टी-सीरीज ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक बयान जारी कर पाकिस्तानी गायक के इल्जाम को खारिज कर दिया है. टी-सीरीज ने कहा कि गाने को वैध तरीके से ब्रिटेन की मूवीबॉक्स रिकॉर्ड से लिया गया है, जिसके पास गाने के अधिकार सुरक्षित हैं. बयान में कहा गया, ’’हमने धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित ’जुग जुग जियो’ के लिए आई-ट्यून्स पर एक जनवरी 2002 को जारी हुए संगीत एल्बम नच पंजाबन के गाने नच पंजाबन को कानूनी तरीके से हासिल किया है.’’
Zee Salaam