)
मुंबईः फिल्मकार जोया अख्तर की नई फिल्म ‘द आर्चीज’ (The Archies) से फिल्मी दुनिया के तीन बड़े दिग्गज कलाकारों की औलादें अपने फिल्मी करिअर की शुरुआत कर रहे हैं. इस फिल्म में एक साथ शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान (Suhana Khan), फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी खुशी कपूर (Khusi Kapoor) और अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा (Augustya Nanda) उन सात कलाकारों में शामिल हैं, जो लाइव-एक्शन म्यूजिकल फिल्म में दिखाई देंगे. इस फिल्म के अन्य चार कलाकारों में ‘सुपर 30’ के मिहिर आहूजा, डॉट, युवराज मेंदा और वेदांग रैना शामिल हैं. इस फिल्म का पोस्टर रिलीज किया गया है. इस मोके पर शाहरुख खान ने अपनी बेटी को एक फिल्मी करिअर की शुरुआत पर एक सलाह दी है.
शाहरुख खान ने बेटी सुहाना को दी सलाह
'द आर्चीज’ से अपने करिअर की शुरुआत करने जा रहीं सुहाना खान को उनके पिता शाहरुख खान ने खुशी जताते हुए कुछ सलाह दी है. शाहरुख ने बेटी को सलाह देते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा,“ सुहाना खान आप हमेशा याद रखिए कि आप कभी परफेक्ट नहीं हो सकते; लेकिन, आप अपने स्वाभाविक काम और अदाकारी के जरिए परफेक्शन के नजदीक पहुंच सकते हैं. एक अदाकार के तौर पर हमेशा विनम्र और दयालु बने रहो और अपना काम करो.“ शाहरुख ने आगे लिखा, “आलोचनाएं और सराहना हमेशा आपके साथ नहीं रहेंगी. लेकिन, पर्दे पर अपनी अदाकारी के जरिए जो छाप आप छोड़ोगे, वो हमेशा आपकी पहचान बनी रहेगी. आपने यहां तक पहुंचने के लिए बहुत लंबा सफर तय किया है. लेकिन, दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाने का सफर कभी खत्म नहीं होता. आगे बढ़ो और जितना हो सके मुस्कुराओ.“
'द आर्चीज’ 2023 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी
जोया अख्तर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के कलाकारों के बारे में बताते हुए एक टीजर वीडियो साझा किया है. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘‘पुराने स्कूल जैसा कुछ नहीं है. आर्चीज जल्द ही नेटफ्लिक्स पर आ रहे हैं.’’ फिल्म निर्माता ने एक अन्य पोस्ट में फिल्म का पोस्टर भी जारी किया, जिसमें लिखा था, ‘‘मेमोरी लेन की यात्रा करने के लिए तैयार हो जाएं, क्योंकि आर्चीज जल्द ही नेटफ्लिक्स पर आ रहे हैं.’’ ‘द आर्चीज’ 2023 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.
Zee Salaam