)
Gaza News: हमास ने मंगलवार को कहा कि गाज़ा के नासेर अस्पताल पर इज़रायल के जरिए किए गए हमले में मारे गए किसी भी फ़िलिस्तीनी का संबंध किसी आतंकी संगठन से नहीं था. इससे पहले इज़रायली सेना ने दावा किया था कि सोमवार को हुए इस हमले में उन्होंने छह आतंकियों को मार गिराया था, लेकिन यह भी माना कि इसमें नागरिकों की मौत हुई, जिनमें पांच पत्रकार भी शामिल थे.
हमास की सरकार के मीडिया कार्यालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि इज़रायल जिन छह लोगों को आतंकी बता रहा है, उनमें से एक शख्स की मौत अल-मवासी नाम जगह पर हुई थी, जो अस्पताल से काफी दूर है. वहीं, एक और शख्स की मौत किसी और जगह पर और अलग वक्त पर हुई थी. हालांकि हमास ने यह साफ नहीं किया कि जिन दो लोगों की मौत अलग-अलग जगहों पर हुई, वे नागरिक थे या नहीं.
इज़रायली सेना लगातार यह दावा करती रही है कि हमास अपने लड़ाकों को अस्पतालों और नागरिक इलाकों में छिपाता है. लेकिन कई बार इन दावों के पुख़्ता सबूत सामने नहीं आते. इस ताज़ा घटना ने इज़रायल के हमले की मंशा और खुफिया जानकारी की विश्वसनीयता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इजराइली सेना ने हादसे को दुखद बताते हुए इसकी जांच करने की बात कही है. सेना का कहना है कि उन्होंने निशाना एक कैमरे को बनाया था, जिसे वह हमास का कैमरा समझ रहे थे. सेना का कहना है कि वहां कई आतंकी मौजूद थे, इसी वजह से उन्होंने टैंक से उस जगह को निशाना बनाया था.